बिजली और मोबाइल नेटवर्क पर बीजापुर में हंगामा, भोपालपटनम में ग्रामीणों ने किया एनएच जाम
प्रदर्शन करने वालों में बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ता भी शामिल रहे. सभी ने बिजली और मोबाइल नेटवर्क बढ़ाने की मांग की.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : May 24, 2026 at 2:42 PM IST
बीजापुर: 25 मई से नौतपा आने वाला है. नौतपा से पहले ही गर्मी चरम पर है. दिन के 10 बजते ही धूप में चलना मुश्किल हो रहा है. देर शाम तक गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही है. लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं. लेकिन जिस तरह से शहर और ग्रामीण इलाकों में बिजली की आंख मिचौली चल रही है, उससे घर में रहना भी लोगों का मुश्किल होता जा रहा है.
बिजली कटौती और मोबाइल नेटवर्क की समस्या
बिजली की कटौती और मोबाइल नेटवर्क की बदहाल व्यवस्था से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को भोपालपटनम में एनएच 63 को जाम कर दिया. ग्रामीणों ने जाम के दौरान बिजली विभाग और मोबाइल कंपनियों को खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन में बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ता भी शामिल रहे. लोगों का आरोप है कि चिलचिलाती गर्मी में बिजली कटौती से लोग हैरान और परेशान हैं. मोबाइल नेटवर्क की दिक्कत के चलते कहीं भी फोन लगाना मुश्किल हो रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि रात होते ही ब्लैकआउट की स्थिति बन जाती है. दिन और रात दोनों वक्त बिजली विभाग ट्रिपिंग करता है.
कई लोगों के बिजली उपकरण हुए खराब
लोगों ने शिकायत की है कि बिजली के आने-जाने और ट्रिपिंग से कई घरों में टीवी और बिजली के सामान खराब हो गए हैं. शिकायत करने के बाद भी बिजली विभाग उनकी शिकायत सुनने को तैयार नहीं है. ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग सिर्फ और सिर्फ वसूली के काम में लगा है. छोटे मोटे दुकानदारों का कहना है कि दुकान बिजली नहीं होने के उनकी ग्राहकी पर बुरा असर पड़ा है.
ऑनलाइन पढ़ाई फोन बैंकिंग करना मुश्किल
ग्रामीणों का आरोप है कि मोबाइल नेटवर्क भी उनको परेशान कर रहा है. फोन करने और रिसीव करने में दिक्कत आ रही है. ऑनलाइन पढ़ाई और बैंकिंग के काम लोग नहीं कर पा रहे हैं. ग्रामीणों के जाम की वजह से एनएच 63 के दोनों ओर वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गई. जाम की सूचना मिलते ही मौके पर एसडीएम दलबल के साथ पहुंचे. एसडीएम ने कहा कि जल्द ही व्यवस्था को ठीक किया जाएगा. जिसके बाद ग्रामीण जाम खत्म करने पर राजी हुए.
बीजापुर में पारिवारिक विवाद में मर्डर, भतीजे ने चाचा को उतारा मौत के घाट
जनगणना कार्य में लापरवाही, बीजापुर प्रशासन का दो शिक्षकों पर एक्शन

