शराबी के उत्पात से उबला पूरा इलाका, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल, देर रात पुलिस कंट्रोल रूम के बाहर फूटा जनाक्रोश
शनिवार को एक शराबी युवक ने उत्पात मचाया,सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस.

Published : January 11, 2026 at 9:16 AM IST
बूंदी : शहर के माजी सा कुंड इलाके में एक शराबी युवक के लंबे समय से चल रहे उत्पात और पुलिस की कथित लापरवाही को लेकर शनिवार रात हालात तनावपूर्ण हो गए. क्षेत्रवासियों का आक्रोश उस समय सड़कों पर फूट पड़ा, जब कार्रवाई के लिए पहुंची कोतवाली पुलिस टीम पर शराबी युवक को हिरासत में लेने के बाद चुपचाप भगा देने के गंभीर आरोप लगे. घटना से नाराज लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम के बाहर जमकर हंगामा किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
ड्यूटी ऑफिसर बोले आरोपी को थाने ले आए थे : मामले में कोतवाली थाने के सहायक उपनिरीक्षक बजरंग लाल लोधा ने बताया कि मांजी साहब के कुंड के पीछे शराबी युवक द्वारा उत्पात मचाने की सूचना पर रात्रि गश्त में तैनात एएसआई मौके पर पहुंचे थे, नियमानुसार कार्यवाही की गई. उन्होंने बताया कि कुछ लोग आरोपी को भगाने की बात बोल रहे हैं, जबकि आरोपी को थाने लाकर बंद कर दिया था. अगर किसी को शिकायत देनी है तो दे सकता है.
इसे भी पढ़ें : डीग: शादी के सपने बेचकर ठग लिए 150 करोड़ रुपए, फर्जी मैरिज ब्यूरो के मास्टरमाइंड गिरफ्तार
रात्रि गशत में तैनात एएसआई पर लगाए आरोप : क्षेत्रीय लोगों का आरोप था कि उन्होंने मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम और कोतवाली थाने में दी, सूचना के बाद रात्रि गश्त में तैनात कोतवाली के एएसआई रामसिंह मौके पर पहुंचे, मोहल्ले वासियों ने इसी बीच पुलिस पर आरोपी को भगाने का आरोप लगा कर हंगामा कर दिया. मोहल्ले वासियों ने मामले में एएसआई पर कार्यवाही की मांग की है. स्थानीय महिलाओं ने बताया कि संबंधित युवक बीते कई महीनों से शराब के नशे में लगभग रोज देर रात इलाके में आता है और गाली-गलौज करता है. महिलाओं और युवकों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करना, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देना उसकी दिनचर्या बन चुकी थी. पीड़ितों का कहना है कि इस संबंध में कई बार कोतवाली थाने में शिकायत दी गई, लेकिन हर बार समझाइश कर मामले को टाल दिया गया। नतीजतन युवक के हौसले बुलंद होते गए और क्षेत्र में भय का माहौल बन गया.
पुलिस पर आरोपी को भगाने के आरोप, लोगों का फूटा गुस्सा : शनिवार रात एक बार फिर युवक ने नशे की हालत में जमकर उत्पात मचाया. महिलाओं से बदसलूकी और शोर-शराबे से परेशान होकर स्थानीय लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने युवक को पकड़कर अपने साथ ले जाने की कार्रवाई की, लेकिन कुछ ही देर बाद यह चर्चा फैल गई कि युवक को थाने ले जाने के बजाय पीछे के रास्ते से भगा दिया गया है. यह बात सामने आते ही लोगों का गुस्सा भड़क उठा.
पुलिस कंट्रोल रूम के बाहर देर रात भारी हंगामा : आक्रोशित नागरिकों और महिलाओं ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनसे बदतमीजी की, धक्का-मुक्की की और मारपीट तक की. इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस के इस रवैये से नाराज लोगों ने बड़ी संख्या में पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर नारेबाजी शुरू कर दी. महिलाओं ने रोष जताते हुए कहा कि यदि पुलिस ही उनकी सुरक्षा नहीं करेगी तो आम नागरिक कहां जाएं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे तक लोगों से समझाइश की. अधिकारियों ने घटनाक्रम की जानकारी ली और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया.
इसे भी पढ़ें : बूंदी में एक रात में 50 दुकानों से एसी के कॉपर वायर चोरी, गुस्साए व्यापारियों का पुलिस को 7 दिन का अल्टीमेटम
इस दौरान एक युवक के हाथ में पुलिस लाठी से चोट लगने की बात सामने आई, जिसके बाद उसे तत्काल मेडिकल जांच के लिए भिजवाया गया. मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी. समझाइश और आश्वासन के बाद जाकर मामला शांत हुआ, लेकिन क्षेत्रवासियों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गहरा असंतोष बना हुआ है.

