दरभंगा में 6 साल की मासूम से दरिंदगी पर एक्शन, 200 अज्ञात के खिलाफ FIR, 30 नामजद.. 6 गिरफ्तार
दरभंगा में 6 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म कर हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी सहित 6 प्रदर्शनकारियों को भी गिरफ्तार किया है. पढ़ें खबर-

Published : February 9, 2026 at 11:09 AM IST
|Updated : February 9, 2026 at 12:30 PM IST
दरभंगा: बिहार के दरभंगा में छह साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या मामला में नया मोड़ आ गया है, पुलिस ने हंगामा करने वाले 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के पटवा पोखर इलाके में शनिवार शाम को यह वारदात हुई. आरोपी बच्ची को तालाब किनारे खेलते समय जबरदस्ती उठाकर ले गया और सुनसान जगह पर अपराध को अंजाम देकर शव फेंक दिया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और गवाहों की मदद से आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया.
पड़ोसी ने दिया खौफनाक वारदात को अंजाम: बच्ची तीन छोटी लड़कियों के साथ तालाब किनारे खेल रही थी. 22 वर्षीय पड़ोसी ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दो बच्चियां भाग निकली. आरोपी ने छह वर्षीय पीड़िता को हाथ पकड़कर अंधेरे में ले जाकर दुष्कर्म किया और क्रूरता से हत्या कर दी. देर रात बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने खोज शुरू की. आवारा कुत्तों के भौंकने पर परिजन तालाब किनारे पहुंचे, जहां दीवार के पास बच्ची का खून से लथपथ शव मिला.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई: सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एसएसपी जगनाथ रेड्डी सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. सीसीटीवी फुटेज दिखाकर अन्य दो बच्चियों से आरोपी की पहचान कराई गई, जिसके आधार पर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया. उसके कपड़ों पर खून के धब्बे मिले. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और जांच जारी है.
आरोपी ने की थी तीन शादियां: स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी ऑटो चलाता था और नशे की लत के कारण उसकी तीनों पत्नियां उसे छोड़कर चली गई थी. वह माता-पिता के साथ रहता था. इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है. वहीं बच्ची के परिवार ने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की है

लोगों में भड़का आक्रोश: रविवार सुबह खबर फैलते ही स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए. उन्होंने बेला मोड़ के पास सड़क जाम कर दी और आरोपी को जनता के हवाले करने की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, वाहनों के शीशे तोड़े और आगजनी की. स्थिति बिगड़ने पर जिलाधिकारी कौशल कुमार और एसएसपी जगनाथ रेड्डी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करने की कोशिश की.

200 पर एफआईआर और 6 गिरफ्तार: दरभंगा सदर डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि 6 प्रदर्शनकारियों को अबतक गिरफ्तार कर लिया गया है. विश्वविद्यालय थाना ने थानाध्यक्ष के बयान पर 30 नामजद और 200 अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर और पहचान की जा रही है. पुलिस ने बताया कि जांच तेजी से चल रही है और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी.
"थानाध्यक्ष के बयान पर 30 नामजद और 200 अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. 6 लोगों को अबतक गिरफ्तार कर लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज की मदद से सभी की पहचान की जा रही है. देर रात कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है."-राजीव कुमार, सदर डीएसपी, दरभंगा
ये भी पढ़ें-
खेल रही 6 साल की बच्ची को उठा ले गया पड़ोसी, दुष्कर्म के बाद कर दी निर्मम हत्या
दरभंगा में दुष्कर्म-हत्या से गुस्साए लोगों ने गाड़ी फूंकी, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

