धमतरी में पीले पंजे की दहाड़, बुलडोजर एक्शन से मचा हड़कंप, लोगों ने किया विरोध
धमतरी में अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर एक्शन का विरोध हुआ है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 9, 2026 at 11:02 PM IST
धमतरी: अर्जुनी थाना अंतर्गत पीपरछेड़ी गांव में प्रशासन की अतिक्रमण तोड़ू दस्ता ने दबिश दी. सोमवार का हुए इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. सरकारी जमीन पर बनाएं अतिक्रमण पर प्रशासन ने जैसे ही बुलडोजर चलाना शुरु कर दिया इसके बाद अतिक्रमणकारी विरोध जताते हुए जेसीबी के सामने बैठ गए. इस दौरान ग्राम पंच, तहसीलदार, पटवारी और पुलिस बल मौजूद था.एक युवक जेसीबी के पंजे पर भी चढ़ गया और अतिक्रमण तोड़ने का विरोध करने लगे. उनका आरोप था कि गांव के सरपंच और गांव के कुछ लोगों ने भी अतिक्रमण कर निर्माण कर रखा है, उनका भी अतिक्रमण हटाया जाए.
कई घंटों तक चला बवाल
सोमवार को धमतरी जिले के पीपरछेड़ी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान जमकर कई घंटों तक बवाल हुआ. भारी विरोध के चलते राजस्व विभाग की टीम को कार्रवाई बीच में ही रोकनी पड़ी और वापस लौटना पड़ा. अतिक्रमणकारी महिला और पुरुष जेसीबी मशीन के बकेट में बैठ गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे. इस दौरान एक परिवार ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की धमकी दी. उसके बाद आसपास मौजूद लोगों पर पेट्रोल भी फेंका, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई. बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई फिलहाल रोक दी.
मंगलवार को भी होगी कार्रवाई
नायब तहसीलदार दुर्गेश तंवर ने बताया कि पीपरछेड़ी गांव में कुल 22 अतिक्रमण चिन्हांकित किए गए हैं. सोमवार को तहसीलदार और अर्जुनी पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई थी. लेकिन विरोध और बवाल के चलते इसे रोकना पड़ा. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मंगलवार को अतिरिक्त सुरक्षा बल की मौजूदगी में दोबारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी.

