CAF भर्ती के वेटिंग लिस्ट अभ्यर्थियों का आंदोलन, गृहमंत्री से वेटिंग क्लियर करने की मांग
CAF भर्ती के वेटिंग लिस्ट अभ्यर्थियों ने गृहमंत्री से प्रतीक्षा सूची क्लियर करने की मांग की है.पिछले 7 साल से अभ्यर्थी इंतजार में हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 3, 2026 at 4:07 PM IST
रायपुर : छत्तीसगढ़ में सरकार बदल गई लेकिन नहीं बदली तो CAF भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों की किस्मत. वेटिंग लिस्ट के अभ्यर्थी आज भी इसी उम्मीद में हैं कि उन्हें पुलिस की वर्दी मिलेगी. लेकिन पिछले 7 सालों से मिल रहा है तो केवल आश्वासन. शनिवार को पीड़ित अभ्यर्थी और उनके परिजनों ने प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात की उन्हें आज भी आश्वासन मिला है.
2018 में निकली थी भर्ती
छत्तीसगढ़ में बीजेपी शासन काल में साल 2018 में CAF के लिए 1786 पदों पर भर्ती निकाली गई थी. लेकिन उस दौरान प्रदेश के 417 अभ्यर्थी को वेटिंग लिस्ट में डाल दिया गया. आज भी नौकरी की उम्मीद और आस लिए CAF की भर्ती प्रक्रिया के वेटिंग के अभ्यर्थी अधिकारी विधायक और मंत्रियों से मिल चुके हैं. बावजूद इसके इन अभ्यर्थियों की समस्याओं पर कोई ठोस पहल नहीं की गई है. जिसके कारण प्रदेश भर के अभ्यर्थी अपने परिवार सहित नया रायपुर के तूताधरना स्थल पर 22 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं. इन अभ्यर्थियों का साफ कहना है कि जब तक हमें लिखित में आश्वासन नहीं मिलेगा तब तक हम लोग अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे.


पिछले 7 सालों से अभ्यर्थी इसी इंतजार में है कि उन्हें कब पुलिस की वर्दी मिलेगी. पिछले 7 सालों में काफी कुछ बदल गया है. लगभग 50% लोग की उम्र बढ़ गई है, जिसके कारण दूसरी जगह आवेदन भी नहीं कर सकते. कई ऐसे लोग हैं जो नौकरी के इंतजार में शादी नहीं कर पाएं है. कुछ लोगों को मजबूरन शादी करना पड़ा. वर्तमान में हम रोजी मजदूरी करके अपना और अपना परिवार चलाते हैं- सुनीता नारंग, अभ्यर्थी
417 लोगों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया
अभ्यर्थी किरण कुमार ने बताया कि CAF की भर्ती प्रक्रिया साल 2018 में बीजेपी शासन काल में निकाला गया था. CAF की भर्ती प्रक्रिया 1786 पदों के लिए निकाली गई थी. जिसमें से 417 लोगों को वेटिंग में रखा गया था. यह लिस्ट 28 अगस्त 2018 को जारी हुई थी. 1 साल के दौरान मेरिट से जो लोग ऊपर आए थे उन्हें प्राथमिकता देते हुए नौकरी दे दी गई. लेकिन वेटिंग वाले अभ्यर्थी आज भी नियुक्ति की आस लगाए बैठे हैं. गृहमंत्री से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि धरना प्रदर्शन में ना बैठकर आप लोग मेरे बंगले में आ जाइए ऐसे में अभ्यर्थियों का साफ कहना है कि जब तक हम लोग को लिखित आदेश नहीं मिलेगा तब तक हम लोग अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे.
कड़ाके की ठंड में हम लोग 22 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल में नवा रायपुर में बैठे हैं. वहां पर भी कई तरह की समस्याओं का सामना हम लोगों को करना पड़ रहा है. प्रदर्शन स्थल पर कई बार छोटे बच्चे बीमार भी पड़ चुके हैं जिन्हें एंबुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए अस्पताल भी ले जाया गया है- किरण कुमार, अभ्यर्थी
22 दिसंबर से परिवार के साथ दे रहे हैं धरना
अभ्यर्थी चांदनी सोनवानी ने बताया कि नवा रायपुर में हम लोग का अनिश्चितकालीन प्रदर्शन जारी है. 22 दिसंबर 2025 से हम लोग पूरे परिवार सहित प्रदर्शन कर रहे हैं. लेकिन शासन प्रशासन के कोई भी जवाबदार अधिकारी प्रदर्शन स्थल पर हमारी सुध लेने नहीं पहुंचा है. इस अनिश्चितकालीन आंदोलन में हमारे साथ हमारे परिवार के लोग भी बैठे हुए हैं.

जिस समय भर्ती प्रक्रिया निकली थी उस समय मेरी उम्र 28 साल थी लेकिन आज मेरी उम्र 35 साल हो गई है. आज भी वर्दी मिलेगी इसी इंतजार में वेटिंग के अभ्यर्थी है. उनका साफ कहना है कि जब तक हमें लिखित में आश्वासन नहीं मिलेगा तब तक हमारा यह प्रदर्शन अनवरत जारी रहेगा- चांदनी सोनवानी,अभ्यर्थी
डिप्टी सीएम बोले देरी के लिए कांग्रेस है जिम्मेदार
अभ्यर्थी जितेंद्र दास ने बताया कि हम लोगों की मुलाकात आज गृहमंत्री विजय शर्मा से हुई है. गृहमंत्री ने हमें आश्वासन दिया है कि इस विषय पर मैं मुख्यमंत्री से चर्चा करूंगा और आगे जो भी निर्णय होगा उसकी जानकारी आप लोग को दी जाएगी. उन्होंने यह भी बताया कि विभाग के अधिकारी अभ्यर्थियों से मिलने नया रायपुर आएंगे. पिछले 7 सालों में पहली बार परिवार सहित हम लोग गृहमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात कर पाए हैं. वही इस पूरे मामले पर प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह भर्ती प्रक्रिया साल 2018 में निकाली गई थी. प्रदेश में जितने भी लोग वेटिंग में थे उनका चयन कांग्रेस की सरकार में हो जाना था.

कांग्रेस ने पिछले 5 सालों में इस पर कोई कार्रवाई नहीं की. अभ्यर्थियों का कहना है कि वेटिंग लिस्ट में से ही लोगों का चयन किया जाए. इन 7 सालों के दौरान अभ्यर्थियों ने दो बार हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया है. दूसरी बार हाईकोर्ट ने वैध वेटिंग लिस्ट है तो 1 वर्ष तक या नया चयन प्रक्रिया होने तक ऐसी स्थिति में उस चयन सूची पर आवश्यक नहीं है कि उस पर कार्यवाही की जाए ऐसा कहा है. आज अभ्यर्थी और उनके परिजन मेरे से मुलाकात किए हैं इस पर आगे चर्चा की जाएगी - विजय शर्मा,डिप्टी सीएम

CAF में 417 अभ्यर्थियों को आज भी नियुक्ति का इंतजार है.लेकिन ना तो उन्हें कोई तारीख मिल रही है और ना ही कोई फैसला अभ्यर्थियों के हक में लिया जा रहा है.लिहाजा वेटिंग लिस्ट वाले अभ्यर्थी नवा रायपुर में परिवार के साथ धरना प्रदर्शन कर रहे हैं.वहीं डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने नियमों का हवाला देते हुए अभ्यर्थियों से चर्चा की है.लेकिन इस चर्चा के बाद भी अभ्यर्थी लिखित में आश्वासन मांग रहे हैं.जब तक अभ्यर्थियों को लिखित आश्वासन नहीं मिलता तब तक वो धरना जारी रखने की बात कह रहे हैं.

