छत्तीसगढ़ समृद्ध किसान संघ की तीन सूत्रीय मांग, चक्काजाम कर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
कबीरधाम में समृद्ध किसान संघ ने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर पोंडी इलाके में चक्काजाम किया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 20, 2026 at 8:36 PM IST
कबीरधाम : किसानों की मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ समृद्ध किसान संघ बैनर तले गुरुवार को रायपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित प्रभाटोला तिराहा में चक्का जाम कर दिया. किसान संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान सड़क पर उतर आए और अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया.चक्काजाम के कारण NH-30 पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
क्या है किसानों की मांग ?
किसान संघ की प्रमुख मांगों में पोंडी से सिल्हाटी मार्ग की तत्काल मरम्मत, गन्ना किसानों को 100 प्रति क्विंटल प्रोत्साहन राशि देने, गन्ने की फसल को कृषक उन्नति योजना में शामिल कर किसानों को 15 हजार की सहायता राशि प्रदान करना शामिल है.
लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब होने के कारण ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.गन्ना किसानों को भी उनकी उपज का उचित लाभ नहीं मिल पा रहा है.हमने सरकार और प्रशासन से उनकी मांगों पर तत्काल सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की है- सोनी वर्मा, जिलाअध्यक्ष, छत्तीसगढ़ समृद्ध किसान संघ

यातायात रहा बाधित
चक्काजाम के कारण रायपुर-जबलपुर NH-30 पर दोनों दिशाओं में वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही.सड़क पर बड़ी संख्या में वाहन फंस गए, जिससे यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौजूद रही. यातायात व्यवस्था को संभालने का प्रयास किया गया.प्रशानिक अधिकारियों ने किसानों की मांगों का ज्ञापन लेकर उन्हें जल्द समाधान होने का आश्वासन दिया है.

पोंडी गांव में आज छत्तीसगढ़ समृद्ध किसान संघ वालों ने अपने तीन मांगों को लेकर कुछ देर के लिए आंदोलन और चक्काजाम किया है.उनकी एक मांग सड़क मरम्मत से जुड़ी,जिसमें हमने NH विभाग से बात करके जल्द मरम्मत करने को कहा है.दूसरी और तीसरी मांग शासन स्तर की है.इसलिए हमने उन्हें शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है.फिलहाल प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया है- आशुतोष शर्मा, SDM बोड़ला
किसान संघ ने स्पष्ट किया कि मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं होने पर आंदोलन को आगे भी जारी रखा जा सकता है.प्रदर्शन के दौरान किसानों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की.
Exclusive : दर्द से राहत पाने का अलग तरीका, जानिए एक्यूपंचर इलाज के दावे और सच्चाई

