सूरजपुर में अतिक्रमण पर एक्शन का विरोध, लोगों ने काटा बवाल
सूरजपुर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ एक्शन को लेकर बवाल हुआ है. दो पक्षों में मारपीट और पत्थरबाजी हुई है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 18, 2026 at 6:37 PM IST
सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के वनांचल जिले सूरजपुर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का पीला पंजा चला है. यहां के लटोरी चौकी के सुंदरगंज गांव में जिला प्रशासन की टीम अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए पहुंची थी. इस दौरान एक पक्ष अतिक्रमण हटाने का विरोध कर रहा था. जबकि दूसरा पक्ष अतिक्रमण हटाने का समर्थन कर रहा था. इस तरह दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ.
अतिक्रमण पर एक्शन और बवाल
अतिक्रमण के खिलाफ एक्शन को लेकर सुंदरगंज गांव में जमकर बवाल हुआ.इस दौरान दो पक्षों में हुई मारपीट के दौरान प्रशासनिक वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है. सुंदरगंज गांव में सैकड़ों एकड़ शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा धारियों द्वारा कब्जा किया गया था. जिसको लेकर ग्रामीणों द्वारा ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित किया गया और कार्रवाई की अनुशंसा की गई.
इसे लेकर बुधवार को प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. यहां अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी. इस दौरान कब्जा धारियों और कब्जा हटवाने वाले ग्रामीणों के बीच वाद विवाद हो गया. देखते-देखते यह विवाद मारपीट में तब्दील हो गई और पत्थरबाजी होने लगी. अतिक्रमण पर एक्शन के दौरान जमकर बवाल मच गया.
हंगामे और पथराव को देखते हुए सुंदरगंज में पुलिस बल की तैनाती की गई है. अभी किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई है. शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान की जा रही है-शिवानी जायसवाल, एसडीएम,सूरजपूर
प्रशासन की गाड़ी पर पथराव
इस दौरान कब्जा धारियों और कब्जा हटवाने वाले ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया. विवाद और हंगामे के बीच जेसीबी चालक को कब्जा धारियों द्वारा दौड़ाया गया. इस दौरान कब्जा धारी ग्रामीणों ने पथराव किया. कब्जाधारी लोगों ने पुलिस और प्रशासन के वाहनों पर भी पथराव किया. इस पथराव में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए.

