रेलवे में पद सरेंडर का विरोध, मजदूर संघ ने सौंपा ज्ञापन, आउटसोर्सिंग को बढ़ावा देने का आरोप
रेलवे में मैनपावर रेशनलाइजेशन का SECR मजदूर संघ ने कड़ा विरोध किया है. संघ की माने तो इससे आउटसोर्सिंग को बढ़ावा मिलेगा.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : May 30, 2026 at 1:10 PM IST
बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मजदूर संघ ने रेलवे बोर्ड के “मैनपावर रेशनलाइजेशन” के नाम पर पद समर्पण(सरेंडर) किए जाने के निर्णय का कड़ा विरोध किया है. एसईसीआर मजदूर संघ ने रेलवे के इस फैसले के खिलाफ रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है.
कर्मचारियों में फैला भारी असंतोष
मजदूर संघ ने कहा कि रेलवे बोर्ड के पत्र के माध्यम से अलग-अलग विभागों में स्वीकृत पदों के 2 प्रतिशत पदों को वर्ष 2026-27 के लक्ष्य के रूप में समाप्त करने के निर्देश दिए गए हैं.इससे कर्मचारियों में भारी असंतोष व्याप्त है.
रेलवे में पहले से ही बड़ी संख्या में रिक्तियां हैं.ऐसे में पदों को समाप्त करने से सुरक्षा, संचालन व्यवस्था और कर्मचारियों के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा. लगातार बढ़ते कार्यभार के कारण कर्मचारी मानसिक तनाव में काम कर रहे हैं और पदों में कटौती से स्थिति और गंभीर हो सकती है-संतोष कुमार पटेल,महामंत्री भारतीय रेलवे मजदूर संघ

आउटसोर्सिंग और संविदा व्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
मजदूर संघ ने यह भी आरोप लगाया कि पदों को समाप्त करने से आउटसोर्सिंग और संविदा व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थायी रोजगार व्यवस्था कमजोर होगी. साथ ही कर्मचारियों की पदोन्नति और करियर प्रगति भी प्रभावित होगी.संघ ने रेलवे बोर्ड से मांग की है कि पद समर्पण की प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए सुरक्षा श्रेणी के सभी पदों को सुरक्षित रखा जाए साथ ही रिक्त पदों पर प्राथमिकता के आधार पर भर्ती की जाए.


संघ ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो संगठन कर्मचारियों के हित और रेल संचालन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगे आंदोलन स्वरूप बडा कदम उठाने पर संघ विचार कर करेगा.
पलारी नगर पंचायत चुनाव : विधायक कुंवर सिंह निषाद का अनोखा अंदाज, महिला के साथ गीत गाकर थिरके
मेरे पोस्ट से जिसने छेड़छाड़ की, उस पर षड़यंत्र और दंगा भड़काने की कार्रवाई हो- अमित जोगी
स्कूलों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी जानकारी अपडेट करने में लापरवाही, संचालनालय ने जताई नाराजगी

