बद्दी स्पा सेंटर्स में चल रहा था देह व्यापार, 17 युवतियों को पुलिस ने किया रेस्क्यू
बद्दी में पुलिस ने स्पा सेंटर्स में रेड की है. इस दौरान देह व्यापार के धंदे का भंडाफोड़ हुआ है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 14, 2026 at 8:23 AM IST
|Updated : February 14, 2026 at 9:47 AM IST
सोलन: जिला के बद्दी में पिछले कुछ समय से स्पा सेंटरों में मसाज के नाम पर देह व्यापार किया जा रहा था. इसकी लंबे समय से पुलिस को शिकायतें मिल रही थीं. पुलिस ने छापेमारी कर इस देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बद्दी क्षेत्र में संचालित कुछ जगह स्पा सेंटरों की आड़ में अनैतिक देह व्यापार का अवैध धंधा चल रहा है. सूचना मिलने पर एसपी बद्दी के दिशा-निर्देशानुसार अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया. इसके बाद गठित टीमों ने सुनियोजित अभियान के तहत बद्दी के दावत चौक के पास स्थित बिग बी कॉम्प्लेक्स में चल रहे चार स्पा सेंटरों ए वन स्पा सेंटर, द गेटवे स्पा एंड सैलून सैंटर, द रिलीफ स्पा सेंटर, जन्नत सैलून एंड स्पा सेंटर में दबिश दी. इस दौरान देह व्यापार का भंडाफोड़ हुआ. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चारों स्पा सेंटरों से 17 युवतियों को रेस्क्यू किया, जिन्हें विधिसम्मत प्रक्रिया के अंतर्गत उनके परिजनों के हवाले किया जा रहा है. डीएसपी बद्दी योगराज चंदेल ने बताया कि पुलिस ने स्पा सेंटर्स पर दबिश दी है. इस दौरान देह व्यापार का खुलासा हुआ है.
पुलिस ने संबंधित 6 अभियुक्तों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3 व 4 के अंतर्गत पुलिस थाना बद्दी में कुल चार अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं. इस संबंध में एसपी विनोद धीमान ने स्पष्ट किया कि पुलिस जिला बद्दी में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह के अवैध धंधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी. वहीं पुलिस की छापेमारी के बाद कई स्पा सेंटर्स में हड़कंप मचा हुआ है. लोगों का कहना है कि स्पा सेंटर्स की आड़ में इस तरह की गतिविधयां चल रही थी. इस तरह के कामों से आस पास का माहौल खराब होता है.
ये भी पढ़ें: प्रधानाचार्य नियुक्ति में बड़ा बदलाव, तीन से दो साल हुई ये अनिवार्यता

