शराब पार्टी ने लिया खूनी रूप, पटना में दोस्त ने मारी 4 गोली, प्रॉपर्टी डीलर की मौके पर मौत
राजधानी में शराब पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर दोस्तों के बीच विवाद हुआ और गोलियां चलायी गईं. राजेश कुमार की रिपोर्ट..

Published : August 18, 2026 at 12:32 PM IST
पटना : शराबबंदी वाले बिहार में शराब पार्टी के दौरान बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है. राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के करौड़ीचक गांव में आधी रात शराब पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. विवाद के बाद एक युवक ने अपने साथी गोलू यादव पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चला दीं. गोली लगने से गोलू (26) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
शराब पार्टी के दौरान फायरिंग : वारदात के बाद शराब पार्टी में शामिल सभी युवक मौके से फरार हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. जानकारी के अनुसार, करौड़ीचक गांव में एक धार्मिक स्थल के समीप खाली जगह पर देर रात चार-पांच युवक बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर गोलू यादव और उसके साथियों के बीच विवाद शुरू हो गया.
युवक को मारी चार गोली : देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पार्टी में शामिल एक युवक ने पिस्तौल निकाल ली और गोलू पर लगातार चार राउंड फायरिंग कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरातफरी मच गई. गोलियां लगने के बाद गोलू ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
मौके पर ही गोलू की मौत : फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी युवक वहां से फरार हो चुके थे. घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
प्रॉपर्टी डीलर था युवक : बताया जा रहा है कि मृतक गोलू यादव प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था और लंबे समय से जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़ा हुआ था. हालांकि उसकी हत्या किस वजह से की गई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस शराब पार्टी में शामिल युवकों की पहचान और विवाद के वास्तविक कारण का पता लगाने में जुटी है.
देर शाम को घर से निकला : परिजनों के मुताबिक, गोलू शाम के समय घर से निकला था. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे. इसी बीच उसकी हत्या की खबर मिलने के बाद घर में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
सिटी एसपी ने दिया निर्देश : वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए पटना सिटी एसपी पश्चिम संकेत कुमार और दानापुर एएसपी अजित कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर पुलिस पदाधिकारियों से घटना की जानकारी ली और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का निर्देश दिया.
CCTV खंगाल रही पुलिस : पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है. पुलिस टीम द्वारा हत्या में शामिल आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. साथ ही फायरिंग में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए भी पुलिस प्रयास कर रही है.
"संदिग्धों की पहचान करने में पुलिस जुटी है और मामले की जांच जारी है. जल्द ही हत्या के पीछे की पूरी वजह सामने आने की उम्मीद है."- संकेत कुमार, सिटी एसपी पश्चिम पटना
ये भी पढ़ें
बिहार में कांवड़िया की गोली मारकर हत्या, बाबा गरीबनाथ धाम जा रहा था गोलू
बिहार में वार्ड सदस्य की गोली मारकर हत्या, समझौता कराने के दौरान वारदात
नालंदा में गरजी बंदूकें! युवक की गोली मारकर हत्या, दारोगा जख्मी

