ETV Bharat / state

मेयर बनने के लिए वोटर्स से वादे कर रहे राजनीतिक पार्टी समर्थित प्रत्याशी! जानिए इनके मेनिफेस्टो की मुख्य बातें

रांची में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टी समर्थित मेयर प्रत्याशी जनता से खूब वादे कर रहे हैं.

Promises made by political party backed mayoral candidates for municipal elections in Ranchi
डिजाइन इमेज (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 16, 2026 at 3:20 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: शहर की सरकार चुनने के लिए 23 फरवरी को झारखंड के 48 शहरी निकाय क्षेत्र में मतदान होना है. लिहाजा चुनाव मैदान में उतरें प्रत्याशी, वोटरों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए वादों की झड़ी लगाने से भी नहीं चूक रहे हैं.

रांची मेयर चुनाव को लेकर मैदान में उतरी कांग्रेस, भाजपा या फिर झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित उम्मीदवार हो. सभी वोटरों से एक से बढ़कर एक वादा कर रहे हैं. कोई रांची की गलियों की सड़कों को स्मार्ट सड़क बनाने का वादा कर रही हैं. वहीं कोई रांची को पेयजल संकट से मुक्त शहर बनाने का दावा कर रहा है. किसी के चुनावी वादे में तो बाकायदा फ्लाई ओवर बनाने तक की घोषणा की गई है.

मेयर प्रत्याशियों के बयान (ETV Bharat)

सीसीटीवी से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी- रौशनी खलखो

सोमवार को अपना घोषणा पत्र जारी करने वाली भाजपा समर्थित मेयर उम्मीदवार रौशनी खलखो कहती हैं कि जब वह रांची की मेयर बनेंगी तो निगम क्षेत्र में पड़ने वाले सभी वार्ड की सड़कें स्मार्ट सड़क में तब्दील करेंगी. इसका फायदा शहरवासियों को यह होगा कि हर काम के लिए बार-बार सड़क को खोदने से होने वाली परेशानी नहीं होगी. इसके साथ साथ हर वार्ड में उनका एक कार्यालय होगा ताकि वार्ड के लोगों को अपने सामान्य कामों के लिए निगम कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े.

रौशनी खलखो ने कहा कि हर गली मोहल्ले में सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की व्यवस्था के साथ साथ स्मार्ट डस्टबीन उपलब्ध कराना उनका वादा है. इसके अलावा सरना-जतरा स्थलों का सौंदर्यीकरण, जल स्रोतों का संरक्षण, होल्डिंग टैक्स, नक्शा पास कराने की प्रक्रिया को आसान बनाने, छात्राओं के लिए फ्री बस सेवा, महिलाओं की सुरक्षा के लिए पिंक पुलिस पेट्रोलिंग व्यवस्था जैसे कई वादे वोटरों से किये हैं.

पिछले कार्यकाल के अधूरे कार्यों को पूरा करूंगी- रमा खलखो

रांची मेयर रह चुकीं और कांग्रेस समर्थित महापौर पद की उम्मीदवार रमा खलखो ने अपनी घोषणा पत्र के पांच अहम वादे बताए. ईटीवी भारत से शेयर करने से पहले बताया कि वह रांची की पूर्व में मेयर रह चुकी हैं, वह जानती हैं कि शहर की समस्याएं हैं. उनकी पहली प्राथमिकता शहर में जलापूर्ति की व्यवस्था को दुरुस्त करने का है. पेयजल आपूर्ति के लिए नगर-निगम और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर दिल्ली जल बोर्ड के तर्ज ओर सुचारू जलापूर्ति उपलब्ध हो. इसके साथ साथ शहर में बेहतरीन सीवरेज एंड ड्रेनेज सिस्टम बनाना उनकी प्राथमिकता होगी.

शहर को वास्तव में रमणीक रांची बनाने के लिए ठोस कचड़ा प्रबंधन को बेहतरीन बनाना उनकी प्राथमिकता में होगी. इसके साथ साथ शहरी क्षेत्र में अर्बन मोहल्ला क्लिनिक को ज्यादा कारगर बनाना ताकि सामान्य बीमारियों के लिए लोगों को सदर अस्पताल या रिम्स जाने की परेशानी न हो. शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ साथ सीसीटीवी कैमरा पूरे शहर में लगवाना ताकि महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस करें, अपराध पर लगाम लगे.

झामुमो समर्थित प्रत्याशी ने कर दिए तीन-तीन फ्लाईओवर बनाने का वादा

रांची नगर निगम के मेयर पद के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित प्रत्याशी सुजीत विजय आनंद कुजूर ने शहर को जाम से मुक्त कराने के लिए तीन-तीन फ्लाईओवर बनाने का वादा कर दिया है. उन्होंने अपनी प्राथमिकता में कचहरी स्टेट बैंक से मेन रोड चौक तक, लोकभवन से बूटी चौक तक और प्लाजा चौक से कोकर चौक तक फ्लाईओवर बनवाने का वादा किया है.
इसके साथ साथ मेयर बनने पर राजधानी में कई रूटों पर बस सेवा शुरू करने, अटल वेंडर मार्केट के तर्ज पर कोकर, डोरंडा, बिरसा चौक, पिस्का मोड़, चांदनी चौक पर वेंडर मार्केट का निर्माण का वादा किया है.

झामुमो समर्थित प्रत्याशी ने राजधानी में अखड़ा, सरना स्थल, मसना, श्मशान की चहारदीवारी निर्माण के साथ साथ सौंदर्यीकरण, मल्टी लेवल पार्किग की व्यवस्था का वादा इन्होंने जनता से किया है. इसके साथ साथ महिला एवं बाल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राजधानी में 3000 सिटी वॉलंटियर्स की नियुक्ति, 72 घंटों में नक्शा पास कराने का वादा जैसी कई घोषनाएं की गई हैं.

महिलाओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता- सुजाता

वहीं राजद समर्थित मेयर पद की उम्मीदवार सुजाता कच्छप ने कहा कि रांची शहर की गिनती देश की सबसे स्वच्छ शहरों में हो इसके लिए वह काम करेंगी. महिलाओं-लड़कियों की सुरक्षा के लिए उनका वादा हर गली मोहल्ले में सीसीटीवी कैमरा लगवाने और उसकी कंट्रोलिंग निगम कार्यालय से करने की है. सुजाता कच्छप ने कहा कि इसके साथ साथ हरमू-स्वर्णरेखा नदी को स्वच्छ करने के लिए राज्य की सरकार के साथ बैठकर ठोस योजना बनाने के साथ साथ पेयजल, शौचालय, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था उनकी प्राथमिकता में होगी.

इसे भी पढ़ें- कांग्रेस समर्थित मेयर प्रत्याशी ने विवाद पर की बेबाक बातचीत, कहा- आदर्श निगम बनाने का है संकल्प

इसे भी पढ़ें- रोचक हुआ रांची मेयर का चुनाव, कांग्रेस और झामुमो के बाद राजद भी उतरा मैदान में, सुजाता कच्छप को दिया अपना समर्थन

इसे भी पढ़ें- झारखंड की नौ नगर निगम सीटों में दो पर महिलाओं का मेयर बनना तय, शेष सात पर भी आधी आबादी के लिए रास्ता ओपन