लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति बने प्रो. जेपी सैनी, अभी MMMUT गोरखपुर के हैं वीसी
राजभवन से शनिवार को कुलपति की नियुक्ति को लेकर आदेश जारी किया गया है. नियुक्ति तीन साल के लिए की गई है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 3, 2026 at 4:17 PM IST
लखनऊ : लखनऊ विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिल गया है. राजभवन से जारी पत्र के अनुसार, प्रोफेसर जय प्रकाश सैनी को लखनऊ विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया गया है. यह नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन साल के लिए की गई है.
राजभवन द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी को लखनऊ विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है.
लखनऊ विश्वविद्यालय में प्रो. मनुका खन्ना कार्यवाहक कुलपति के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही थीं. लंबे समय से पूर्णकालिक कुलपति की प्रतीक्षा कर रहे विश्वविद्यालय को अब स्थायी नेतृत्व मिल गया है.

लंबा प्रशासनिक और शैक्षणिक अनुभव : मूल रूप से झांसी के रहने वाले प्रो. जेपी सैनी का शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुभव काफी समृद्ध रहा है. उन्होंने वर्ष 1996 में आईआईटी कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में एम.टेक. की डिग्री प्राप्त की, जबकि वर्ष 2001 में केएनआईटी, अवध विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि हासिल की.
प्रो. सैनी जुलाई 2017 से सितंबर 2018 तक नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, नई दिल्ली के निदेशक भी रह चुके हैं. इसके अलावा वह दो बार डॉ. अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी फॉर हैंडीकैप्ड, कानपुर के निदेशक पद की जिम्मेदारी निभा चुके हैं.
टीचिंग, रिसर्च और अकादमिक प्रशासन में प्रो. सैनी को 31 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने 200 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र प्रकाशित किए हैं और कई पीएचडी शोधार्थियों का मार्गदर्शन भी किया है. प्रो. जेपी सैनी मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के चौथे कुलपति के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने विश्वविद्यालय में शैक्षणिक और प्रशासनिक स्तर पर कई अहम निर्णय लिए.
यह भी पढ़ें : लखीमपुर खीरी में बिजली कर्मी की हार्ट अटैक से मौत, भड़के साथी कर्मचारियों ने कोतवाली घेरी, अधीक्षण अभियंता पर FIR की मांग

