Watch: रिटायरमेंट की खुशी में निकाला जुलूस, लहराकर चलाया डीजे, सड़क किनारे पलटा, युवक की मौत
रिटायरमेंट के बाद ग्रामीणों की ओर से सम्मान के साथ उन्हें घर ले जाने के लिए जुलूस निकाला गया था.

Published : September 2, 2026 at 2:28 PM IST
नागौर: जिले के खींवसर क्षेत्र के आकला गांव में सेवानिवृत्ति समारोह के दौरान निकाला जा रहा सम्मान जुलूस उस वक्त मातम में बदल गया, जब डीजे वाहन पर किया जा रहा स्टंट अचानक हादसे में तब्दील हो गया. डीजे वाहन के पलटने से उस पर सवार दो युवक नीचे गिर गए. हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हादसे का पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ है.
इस मामले में नागौर एसपी आसाराम चौधरी ने बताया कि रिटायरमेंट कार्यक्रम के दौरान डीजे पर खतरनाक स्टंट किया गया था. डीजे को लहराकर चलाया जा रहा था और फिर डीजे अचानक पलट गया. जिसके कारण एक युवक की जान चली गई. फिलहाल पुलिस को रिपोर्ट नहीं मिली है. जैसे ही रिपोर्ट मिलेगी, डीजे संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. दरअसल 1 सितम्बर को आकला गांव के राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूल में खींवसर निवासी शिवराज प्रजापत शिक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे. रिटायरमेंट के बाद ग्रामीणों और परिचितों की ओर से सम्मान के साथ उन्हें घर ले जाने के लिए जुलूस निकाला गया था. जुलूस में डीजे वाहन आगे चल रहा था.
पढ़ें: शादी समारोह में बज रहे डीजे में अचानक आया करंट, 5 बच्चे झुलसे, सीसीटीवी आया सामने
दरअसल, घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें डीजे वाहन पर सवार बंटी प्रजापत और प्रहलाद प्रजापत स्टंट करने लगे. इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वाहन अचानक पलट गया. दोनों युवक नीचे जा गिरे. हादसे में बंटी प्रजापत की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं प्रहलाद प्रजापत गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है.
पढ़ें: डीजे के विवाद में गोली मारकर हत्या करने का आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मची: हादसे के बाद जुलूस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला. राहत की बात यह रही कि पलटा हुआ डीजे वाहन युवकों के ऊपर नहीं गिरा, वरना हादसा और बड़ा हो सकता था.घटना का वीडियो पीछे चल रही स्कॉर्पियो में सवार लोगों के कैमरे में रिकॉर्ड हो गया.

