ETV Bharat / state

जेल में कैदी तैयार कर रहे हर्बल गुलाल: बाजार में बिक्री के लिए, प्रॉफिट सीधा कैदियों के खाते में पहुंचेगा

गाजियाबाद की डासना जेल में जेल प्रशासन की देखरेख में 40 कैदियों की बनाई गई टीम, प्रशिक्षण लेकर तैयार कर रहे हर्बल गुलाल.

रचनात्मक और उत्पादक कार्यों में भागीदारी से बंदियों का बढ़ा आत्मविश्वास
रचनात्मक और उत्पादक कार्यों में भागीदारी से बंदियों का बढ़ा आत्मविश्वास (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : February 27, 2026 at 11:03 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

संवाददाता- शहजाद आबिद

नई दिल्ली/गाजियाबाद: होली के त्योहार को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं. इस मौके पर जिला कारागार गाजियाबाद ने सराहनीय पहल की है. दरअसल, होली पर जेल में बंद तकरीबन साढ़े तीन हजार बंदी इस बार हर्बल गुलाल से होली खेलेंगे. खास बात यह है की यह हर्बल गुलाल खुद कैदियों द्वारा तैयार किया जा रहा है. यह गुलाल न केवल जेल परिसर के भीतर इस्तेमाल होगा, बल्कि इसे आम लोगों के लिए बाजार में भी उपलब्ध कराया जाएगा.

हर्बल गुलाल बनाने की ट्रेनिंग: गाजियाबाद की डासना जेल में तमाम त्योहार बहुत धूमधाम से मनाए जाते हैं. जिस तरह लोग त्योहार के पहले ही तैयारी शुरू कर देते हैं, ठीक उसी तरह जेल परिसर में भी बंदी त्योहार से पहले तैयारी में जुट जाते हैं. इस बार जेल प्रशासन की देखरेख में करीब 40 कैदियों की एक विशेष टीम बनाई गई थी. टीम को हर्बल गुलाल तैयार करने का प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया. 40 कैदियों की यह टीम तकरीबन महीनेभर से अधिक से हर्बल गुलाल तैयार करने में जुटी हुई है. बंदियों द्वारा तैयार किया गया गुलाल प्राकृतिक और त्वचा के लिए सुरक्षित चीजों से बनाया जा रहा है, ताकि रंगों का त्योहार बिना किसी केमिकल युक्त रंगों के मनाया जा सके.

जेल में तैयार किया जा रहा हर्बल गुलाल (ETV Bharat)

किफायती दाम में बिक रहा गुलाल: बंदियों द्वारा तैयार किया जा रहा हर्बल गुलाल गुणवत्ता के साथ-साथ कीमत के मामले में भी काफी किफायती है. बाजार में जहां हर्बल गुलाल 800 से हजार रुपए प्रति किलो तक बिक रहा है, वहीं जेल में बंदियों द्वारा तैयार किया गया हर्बल गुलाल तकरीबन 200 से ढाई सौ रुपए प्रति किलो है. जेल परिसर के बाहर मौजूद आउटलेट के माध्यम से लोग-बाग इस गुलाल को खरीद सकते हैं. इससे न केवल लोगों को हर्बल गुलाल का सस्ता और सुरक्षित विकल्प उपलब्ध होगा, बल्कि वह इस पहल का हिस्सा बनकर कैदियों के पुनर्वास में भी योगदान दे सकेंगे. जेल प्रशासन का मानना है कि इस तरह की गतिविधियां कैदियों को सकारात्मक दिशा देने में सहायक होती है.

गुलाल की बिक्री से होने वाला मुनाफा सीधे कैदियों के खाते में ट्रांसफर
गुलाल की बिक्री से होने वाला मुनाफा सीधे कैदियों के खाते में ट्रांसफर (ETV Bharat)

मुनाफा सीधे कैदियों के खाते में ट्रांसफर: खास बात यह है कि गुलाल की बिक्री से होने वाला मुनाफा सीधे कैदियों के खाते में ट्रांसफर किया जाएगा. इससे उन्हें आर्थिक रूप से मजबूती मिलेगी और रिहाई के बाद नए जीवन की शुरुआत करने में भी मदद हो सकेगी.साथ ही मुनाफे का 10 प्रतिशत हिस्सा बंदी कल्याण कोष में जमा किया जाएगा. जेल प्रशासन का मानना है कि इस तरह की गतिविधियां न केवल बंदियों में आत्मविश्वास और सकारात्मक पैदा करती हैं, बल्कि अन्य बंदियों को भी प्रेरित करती हैं.

महीने भर से जेल में चल रहा  हर्बल गुलाल बनाने का काम
महीने भर से जेल में चल रहा हर्बल गुलाल बनाने का काम (ETV Bharat)

महीने भर से चल रहा काम: जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा के मुताबिक, जेल प्रशासन का प्रयास है कि जेल में रहने के दौरान बंदियों को जेल में रहने के दौरान हुनरमंद बनाया जा सके. विभिन्न त्योहारों पर बंदियों द्वारा विभिन्न प्रकार के प्रोडक्ट तैयार किए जाते हैं. हमारी कोशिश रहती है कि बंदियों को विभिन्न प्रकार की एक्टिविटीज में एंगेज रखा जा सके. जेल परिसर में ही एक्टिविटी सेंटर मौजूद है, जहां पर 40 बंदियों को हर्बल गुलाल बनाने की ट्रेनिंग उपलब्ध कराई गई थी.

भागीदारी से बंदियों का बढ़ा आत्मविश्वास: जहां एक तरफ बंदी हर्बल गुलाल तयार कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ हर्बल गुलाल की पैकेजिंग भी बंदियों द्वारा की जा रही है. जेल में जीवन अक्सर मानसिक तनाव और निराशा से जुड़ा होता है ऐसे में रचनात्मक और उत्पादक कार्यों में भागीदारी से बंदियों का आत्मविश्वास बढ़ता है. जेल प्रशासन का मानना है कि अगर जेल में रहने के दौरान बंदी किसी तरह का हुनर सीख लेते हैं तो रिहाई के बाद वह हुनर का इस्तेमाल रोजगार हासिल करने में कर सकते हैं और खुद को समाज में पुनः स्थापित कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें:

Holi 2026: होलिका दहन के बाद नहीं मनाया जाएगा रंगों का त्योहार, जानें कब खेलेंगे होली

श्री गोकुल गोधाम में ऑर्गेनिक पंचगव्य वाले रंग, हर्बल और खुशबूदार कलर से होली की खुशियां होगी दोगुनी