ETV Bharat / state

माओवादी आतंक को कांग्रेस की पूर्व सरकार ने दिया संरक्षण, जिम्मेदारी से कह रहा हूं: अमित शाह

‘शिफ्टिंग द लेंस’ कार्यक्रम में बोलते हुए अमित शाह ने कहा, विकसित भारत @2047 का शुभंकर बनेगा छत्तीसगढ़.

AMIT SHAH BASTAR VISIT
माओवादी आतंक को कांग्रेस की पूर्व सरकार ने दिया संरक्षण (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : February 9, 2026 at 7:00 AM IST

7 Min Read
Choose ETV Bharat

रायपुर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं. आज अमित शाह बस्तर दौरे पर जाएंगे, जहां वो बस्तर पंडुम 2026 के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे. कल देर शाम केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ‘शिफ्टिंग द लेंस’ कार्यक्रम में शामिल हुए. अमित शाह ने कहा कि ‘'मैं भूपेश बघेल के समय भी केंद्रीय गृह मंत्री रहा था. मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ यह कह सकता हूं कि बघेल जी की सरकार ने माओवादी आतंक को संरक्षण दिया था. मैं समझ नहीं पाता हूं कि कैसे कोई शासन किसी हथियारबंद समूह को प्रश्रय दे सकती है.’'

माओवाद की समस्या के लिए कांग्रेस जिम्मेदार: अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने विश्वास व्यक्त किया कि बस्तर सहित माओवादी प्रभावित क्षेत्र तेजी से विकास की ओर बढ़ रहे हैं और केंद्र व राज्य सरकार मिलकर 31 मार्च 2026 से पहले देश को माओवादी समस्या से पूरी तरह मुक्त करने के लक्ष्य की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने कहा कि 25 वर्षों का ट्रैक रिकॉर्ड बताता है कि छत्तीसगढ़ ने जिस गति से विकास किया है, आने वाले 25 वर्षों में वह दोगुनी रफ्तार से आगे बढ़ेगा और देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा.

छत्तीसगढ़ में साक्षरता दर 65 प्रतिशत से बढ़कर 80 प्रतिशत हो गई. एक भी एकलव्य आवासीय विद्यालय नहीं था, आज 75 संचालित हो रहे हैं और छात्रावासों में पढ़ने वाले बच्चों की संख्या तीन गुना बढ़ी. देश में यदि सबसे अच्छा आदिवासी कल्याण किसी राज्य ने किया है, तो वह छत्तीसगढ़ है: अमित शाह, केंद्रीय गृहमंत्री

छत्तीसगढ़ @25: शिफ्टिंग द लेंस कार्यक्रम

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित छत्तीसगढ़ @25: शिफ्टिंग द लेंस कार्यक्रम में अमित शाह ने कहा, छत्तीसगढ़ न केवल स्वयं विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, बल्कि यह नए भारत के लिए शुभंकर सिद्ध होगा. छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण कर विकसित भारत @2047 की दिशा में एक मजबूत स्तंभ बनकर उभर रहा है.

''छोटे राज्यों में कमाल का विकास हुआ''

गृह मंत्री ने कहा, “विकसित छत्तीसगढ़” केवल एक नारा नहीं, बल्कि विचार, विचारधारा और सुशासन से निकली हुई 25 वर्षों की यात्रा का परिणाम है. शाह ने कहा कि छोटे राज्यों की अवधारणा को लेकर कभी शंका व्यक्त की जाती थी, लेकिन छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तराखंड ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि शासन स्पष्ट विचारधारा से संचालित हो, तो छोटे राज्य भी विकास के बड़े मॉडल साबित हो सकते हैं. छत्तीसगढ़ की समस्या और नक्सलवाद को लेकर शाह ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए बस्तर में सक्रिय माओवादियों से सरेंडर की अपील भी की.

माओवादी समस्या विकास की कमी का परिणाम है और न ही केवल कानून-व्यवस्था की समस्या, बल्कि पूरी तरह विचारधारा आधारित चुनौती है. बंदूक से समस्या का समाधान भारतीय संविधान की आत्मा के विरुद्ध है. सरकार किसी पर गोली नहीं चलाना चाहती, हथियार डालने वालों के लिए रेड कारपेट बिछा है और आदिवासी युवाओं से अपील की कि वे आत्मसमर्पण करें और मुख्यधारा में लौटें: अमित शाह, केंद्रीय गृहमंत्री

आर्थिक आंकड़े सामने रखे

केंद्रीय गृहमंत्री ने आर्थिक आंकड़े सामने रखते हुए कहा, राज्य के वार्षिक बजट में 25 वर्षों में 30 गुना वृद्धि हुई है, प्रति व्यक्ति आय 17 गुना बढ़ी, सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) में 25 गुना वृद्धि दर्ज की गई. राज्य की आर्थिक स्थिति को मापने वाले 16 के 16 संकेतकों में छत्तीसगढ़ ने उल्लेखनीय सुधार किया गया है.

छत्तीसगढ़ में सिंचाई क्षमता दोगुनी हुई है. खरीफ फसलों के उत्पादन में तीन गुना और रबी फसलों के उत्पादन में लगभग छह गुना वृद्धि दर्ज की गई. स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में हुए सुधार किए गए. जिला अस्पतालों की संख्या 7 से बढ़कर 30 हो गई है, मेडिकल कॉलेज 1 से बढ़कर 16 हो गए हैं और आंगनबाड़ी भवनों में 18 गुना वृद्धि हुई. कुपोषण से होने वाली मृत्यु दर 61 से घटकर 15, मातृ मृत्यु दर 365 से घटकर 146 और शिशु मृत्यु दर 79 से घटकर 37 रह गई: अमित शाह, केंद्रीय गृहमंत्री

छोटे राज्यों की तारीफ की

अमित शाह ने कहा, जब छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तराखंड के लिए आंदोलन चल रहे थे, तब लंबे समय तक देश में कांग्रेस की सरकार रही और कहा जाता था कि इतने छोटे राज्य कैसे टिकेंगे, इनके पास संसाधन कहां से आएंगे और क्या ये विकास कर पाएंगे. उस समय छत्तीसगढ़ भोपाल से 500 किलोमीटर से अधिक दूर था और संयुक्त मध्यप्रदेश की भौगोलिक और प्रशासनिक संरचना ऐसी थी कि इस क्षेत्र के साथ न्याय होना कठिन था. शाह ने स्पष्ट किया कि यह किसी तत्कालीन मुख्यमंत्री की असफलता नहीं थी, बल्कि संरचना ही ऐसी थी कि एक ही प्रशासनिक इकाई से इसे संभालना संभव नहीं था.

पूर्व पीएम की दूरदर्शिता को सराहा

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, अटल बिहारी वाजपेयी जी ने प्रधानमंत्री रहते हुए ऐतिहासिक निर्णय लिया और कहा, छोटे राज्यों का निर्माण कोई प्रयोग नहीं, बल्कि जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति है. इसी निर्णय के तहत मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़, बिहार से झारखंड और उत्तरप्रदेश से उत्तराखंड का गठन किया. उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं थी, बल्कि विचारधारा आधारित निर्णय था.

केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने राज्य विभाजन के 2 उदाहरण देते हुए कहा, अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में हुए विभाजन शांतिपूर्ण रहे और आज मध्यप्रदेश–छत्तीसगढ़, बिहार–झारखंड तथा उत्तरप्रदेश–उत्तराखंड एक-दूसरे के पूरक बनकर देश के विकास में योगदान दे रहे हैं. वहीं कांग्रेस शासन में हुए आंध्रप्रदेश–तेलंगाना विभाजन के दौरान लोकसभा में सांसदों को बाहर निकालकर कानून पारित करना पड़ा और दोनों राज्यों के बीच कटुता एक दशक से अधिक समय तक बनी रही, जिसके कई विवाद आज भी अनसुलझे हैं. शाह ने कहा कि इससे सिद्ध होता है कि राजनीति में विचारधारा का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है.

25 वर्ष का हुआ छत्तीसगढ़

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, छत्तीसगढ़ आज 25 वर्ष का हो चुका है, इस दौरान राज्य ने अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है. कभी ‘बीमारू’ राज्यों की श्रेणी में गिने जाने वाले क्षेत्रों में शामिल रहे मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ आज विकसित राज्य बनने की कगार पर खड़े हैं. शाह ने बताया कि छत्तीसगढ़ के 25 वर्षों में से लगभग 18 वर्ष भारतीय जनता पार्टी की सरकार रही और 7 वर्ष कांग्रेस की सरकार रही. 25 वर्षों बाद यदि पीछे मुड़कर देखें तो छत्तीसगढ़ बीमारू राज्य से विकसित राज्य की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ चुका है.

अमित शाह ने की संघ की तारीफ, बोले "भारत की यात्रा में आरएसएस का अहम योगदान, कम्युनिस्ट विचारधारा विनाशकारी"
अमित शाह की नक्सल महिलाओं से भावुक अपील, बंदूक छोड़िए, मुख्यधारा में लौटिए,हमने बिछाए हैं रेड कारपेट
अमित शाह करेंगे बस्तर पंडुम का समापन, जनजातीय संस्कृति का दिखेगा संगम