प्रदेश भाजपा के छह मोर्चों के मुखिया घोषित, पूर्व मंत्री कैलाश को किसान मोर्चा और गौरा को भाजयुमो की कमान
प्रदेश भाजपा ने अपने 7 में से 6 मोर्चा की सूची जारी की. महिला मोर्चा के अध्यक्ष के नाम का ऐलान नहीं किया गया है.

Published : December 29, 2025 at 8:36 PM IST
जयपुर : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रदेश कार्यकारिणी के बाद में अब मोर्चों का भी गठन कर दिया. इसी कड़ी में सोमवार को अध्यक्ष राठौड़ ने पार्टी के सात में से छह मोर्चों के अध्यक्षों की सूची जारी की. महिला मोर्चा को अभी होल्ड पर रखा है. मोर्चा अध्यक्ष में दो जाट, एक अनुसूचित जाति, एक अनुसूचित जनजाति, एक अल्पसंख्यक और एक ओबीसी वर्ग को मौका दिया है.
इनको मिला मौका: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की ओर जारी सूची में ABVP और छात्र राजनीति से आने वाले शंकर गौरा को भाजपा युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है. अल्पसंख्यक मोर्चा में हामिद खान मेवाती को फिर से अध्यक्ष मनोनीत किया. किसान मोर्चे की जिम्मेदारी पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी को दी गई है. वहीं अनुसूचित जाति मोर्चे का पूर्व सांसद निहालचंद मेघवाल को अध्यक्ष बनाया है. अनुसूचित जनजाति मोर्चा का विधायक गोपीचंद मीणा अध्यक्ष बनाया है. अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चे का महेंद्र कुमावत को अध्यक्ष बनाया. महिला मोर्चा अध्यक्ष पर अभी नाम की घोषणा नहीं हुई है, जबकि मौजूदा महिला मोर्चा अध्यक्ष रक्षा भंडारी सिरोही की जिला अध्यक्ष बनने के बाद से नए अध्यक्ष की तलाश जारी है.
पढ़ें:इंतजार हुआ खत्म, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की हुई घोषणा, देखिए किसको मिली जगह
कार्यसमिति और प्रकोष्ठों की घोषणा जल्द: पहले प्रदेश कार्यकारिणी और उसके बाद अब मोर्चा के गठन के बाद प्रदेश कार्यसमिति और प्रकोष्ठों के नाम की घोषणा का भी काउंटडाउन शुरू हो गया. माना जा रहा है कि 3 जनवरी को होने वाली कार्यसमिति की बैठक से पहले प्रदेश कार्यसमिति और प्रकोष्ठों का गठन कर दिया जाएगा. प्रदेश कार्यसमिति को लेकर प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ संगठन के पदाधिकारी के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर चुके हैं. अब कभी भी कार्यसमिति की घोषणा हो सकती है.
पढ़ें:भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की पहली बैठक, CM बोले- जनता तक पहुंचाओ सरकार की हर योजना
बाड़मेर में समर्थकों ने जताया हर्ष: उधर, बाड़मेर में कैलाश चौधरी के समर्थकों ने उनके किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष बनने पर हर्ष जताया. पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी को दूसरी बार इस पद की जिम्मेदारी मिली. वे वर्ष 2013 से 2017 तक किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष रहे थे. चौधरी ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया और कहा कि यह विश्वास उनके लिए ऊर्जा का नया स्रोत है. वे राजस्थान के हर किसान के कल्याण और अधिकारों के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे.


