ETV Bharat / state

राष्ट्रपति का शिमला दौरा: ट्रैफिक के लिए पुलिस का खास प्लान, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पैनी नजर

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का शिमला आगमन. पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवायजरी और सुरक्षा निर्देश

कुछ मार्गों पर अस्थायी यातायात प्रतिबंध या वैकल्पिक मार्ग लागू किए जा सकते हैं
कुछ मार्गों पर अस्थायी यातायात प्रतिबंध या वैकल्पिक मार्ग लागू किए जा सकते हैं (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : April 26, 2026 at 6:07 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित शिमला दौरे को लेकर जिला पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंध किए हैं. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दौरे के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि राष्ट्रपति का दौरा सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके. केंद्रीय और राज्य एजेंसियों के समन्वय से तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है. विभिन्न स्थानों पर 1000 से अधिक पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है.

एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि जिला पुलिस के अनुसार एंटी-सैबोटाज जांच, प्रवेश नियंत्रण, निगरानी, रूट सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. सुरक्षा व्यवस्था के तहत संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी.

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दौरे के दौरान कोई स्थायी ट्रैफिक प्रतिबंध लागू नहीं किए गए हैं. आम नागरिक, पर्यटक और दैनिक यात्री सामान्य रूप से यात्रा कर सकेंगे. हालांकि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान कुछ मार्गों पर अस्थायी यातायात प्रतिबंध या वैकल्पिक मार्ग लागू किए जा सकते हैं. इस दौरान थोड़े समय के लिए वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा और भारी वाहनों के लिए डायवर्जन भी किया जा सकता है.

पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील

जिला पुलिस ने आम नागरिकों से यात्रा पहले से योजना बनाकर करने और पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करने की अपील की है. साथ ही चिन्हित मार्गों पर सड़क किनारे या अनधिकृत पार्किंग न करने को कहा गया है. पुलिस ने बताया कि एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि आपात सेवाएं प्रभावित न हों.

होटल कारोबारियों से की ये अपील

सुरक्षा व्यवस्था के तहत होटल और गेस्ट हाउस संचालकों को अपने मेहमानों का रिकॉर्ड रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा किराएदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन सुनिश्चित करने को भी कहा गया है. पुलिस ने आमजन से सार्वजनिक स्थानों पर कोई भी सामान बिना निगरानी के न छोड़ने और संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है. सड़क के किनारे दुकानदारों और विक्रेताओं को अपने आसपास का एरिया साफ रखने और सुरक्षा जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं. जिला पुलिस ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे के सुचारु संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं. आम नागरिकों से सहयोग और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया गया है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.

द्रौपदी मुर्मू का दौरा

द्रौपदी मुर्मू 27 अप्रैल को हिमाचल पहुंचेंगी और 2 मई तक यहां रहेंगी. शिमला पहुंचने के बाद वह छराबड़ा स्थित राष्ट्रपति निवास ‘द रिट्रीट’ में ठहरेंगी. 28 अप्रैल को राष्ट्रपति निवास में ही आयोजित एक कार्यक्रम वह भाग लेंगी. राष्ट्रपति 29 अप्रैल को कुल्लू-मनाली क्षेत्र का दौरा कर विश्व प्रसिद्ध अटल टनल का निरीक्षण कर सकती हैं. इस दौरान BRO अधिकारियों के साथ एक बैठक भी प्रस्तावित है. इसके बाद 30 अप्रैल को पालमपुर में चौधरी सरवन कुमार कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होकर छात्रों को सम्मानित करेंगी.

ये भी पढ़ें: शिमला में हाई अलर्ट, 1 हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा में रहेंगे तैनात, पर्यटकों और आम जनता के लिए एडवाइजरी जारी