ETV Bharat / state

खराब मौसम के चलते राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अटल टनल दौरा रद्द

29 अप्रैल को प्रस्तावित अटल टनल का दौरा रद्द होने के चलते अब राष्ट्रपति मशोबरा स्थित अपने आवास में ही रहेंगी.

PRESIDENT ATAL TUNNEL TOUR
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अटल टनल दौरा रद्द (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : April 28, 2026 at 10:39 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: खराब मौसम के चलते राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अटल टनल रोहतांग और सिस्सू का प्रस्तावित दौरा रद्द कर दिया गया है. राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना में बताया गया है कि 29 अप्रैल को होने वाला यह दौरा प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के कारण स्थगित किया गया है. राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा जारी "एडिशनल मैसेज" में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि खराब मौसम के चलते अटल टनल का दौरा रद्द किया गया है. प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं. यह फैसला सुरक्षा और मौसम की स्थिति को देखते हुए लिया गया है.

राष्ट्रपति आवास में ही रहेंगी मुर्मू

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं. मनाली से लेकर लाहौल-स्पीति तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी. हालांकि अचानक मौसम खराब होने से यह पूरा कार्यक्रम रद्द करना पड़ा. अब राष्ट्रपति मशोबरा स्थित अपने आवास में ही रहेंगी.

मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने पहले ही प्रदेश में खराब मौसम की चेतावनी जारी कर दी थी. 28 और 29 अप्रैल के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में तेज हवाएं (40-50 किमी/घंटा), ओलावृष्टि और बारिश की संभावना जताई गई है. वगीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है.

राष्ट्रपति का पूरा कार्यक्रम

बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 अप्रैल से 2 मई तक हिमाचल दौरे पर हैं. वह शिमला के मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास ‘द रिट्रीट’ में ठहरी हुई हैं. 28 अप्रैल को उन्होंने यहीं एक कार्यक्रम में भाग लिया. वहीं, 29 अप्रैल को उनके अटल टनल जाने का कार्यक्रम था, जो अब रद्द हो गया है. राष्ट्रपति 30 अप्रैल को पालमपुर में चौधरी सरवन कुमार कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी. इसके अलावा वह शिमला स्थित आर्मी ट्रेनिंग कमांड (ARTRAC) का दौरा भी करेंगी. 2 मई को उनके दिल्ली लौटने की योजना है.

ये भी पढ़ें: हिमाचल के भूपेंद्र सिंह बने वायुसेना में एयर वाइस मार्शल, धूमल परिवार से है खास रिश्ता

ये भी पढ़ें: हिमाचल में धार्मिक डेरे को लैंड सीलिंग एक्ट में छूट, राष्ट्रपति ने मंजूर किया बिल, राधास्वामी सत्संग ब्यास से जुड़ा है मामला