कलेसर जंगल में 40 तेंदुए और 15 हाथियों की मौजूदगी, डीएफओ बोले- 'यह स्वस्थ वन का है संकेत'
कलेसर जंगल में डीएफओ ने गश्त के दौरान एक तेंदुआ देखने की बात कही है. उनका कहना है कि 'जंगल में 40 तेंदुए हैं.'

Published : June 3, 2026 at 4:14 PM IST
यमुनानगर: जिले के कलेसर नेशनल पार्क में गश्त के दौरान डीएफओ संदीप सैनी को तेंदुआ दिखाई दिया. डीएफओ ने तेंदुए का वीडियो भी बनाया और इसे स्वस्थ जंगल का संकेत बताया, उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जंगल क्षेत्र में गुजरते समय जंगली जानवरों से दूरी बनाए रखें और शोर न करें.
'जंगल वन्यजीवों के अनुकूल है': हिमाचल और उत्तराखंड के कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटे यमुनानगर जिले के कलेसर नेशनल पार्क में बीती रात गश्त के दौरान डीएफओ संदीप सैनी को तेंदुआ दिखाई दिया. डीएफओ ने तेंदुए का वीडियो अपने मोबाइल में कैद किया. उन्होंने बताया कि "जंगल में तेंदुए का दिखना इस बात का संकेत है कि जंगल पूरी तरह स्वस्थ और वन्य जीवों के अनुकूल है." उन्होंने बताया कि "कलेसर नेशनल पार्क में इस समय एक टाइगर, करीब 40 तेंदुए, 15 हाथी, सांभर सहित कई दुर्लभ वन्य जीव मौजूद हैं. जंगल के बीच से गुजरने वाली यमुनानगर-पांवटा सड़क पर अक्सर जंगली जानवरों की आवाजाही रहती है. ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
110 साल बाद कलेसर नेशनल पार्क में बंगाल टाइगर की मौजूदगी दर्ज: डीएफओ संदीप सैनी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि "यदि सड़क पर कोई जंगली जानवर दिखाई दे तो वाहन रोक लें, हॉर्न न बजाएं और न ही शोर करें. जंगली जानवर अपने आप रास्ता छोड़कर जंगल में चले जाते हैं. जानवर तभी हमला करते हैं जब उन्हें खतरा महसूस होता है." उल्लेखनीय है कि करीब 110 साल बाद कलेसर नेशनल पार्क में बंगाल टाइगर की मौजूदगी दर्ज की गई थी. सन 2023 में जंगल में लगाए गए फ्लैश एंड क्लिक कैमरों में टाइगर कैद हुआ था. कलेसर नेशनल पार्क में हाथी, तेंदुआ, बाघ, सांभर, खरगोश, अजगर और कोबरा जैसे वन्य जीव बड़ी संख्या में पाए जाते हैं. वन विभाग द्वारा जंगल के अंदर कई स्थानों पर वन्य जीवों के लिए पानी की ओध भी बनाई गई हैं.

