राजस्थान कांग्रेस कार्यकारिणी: परफॉर्मेंस के आधार पर होगा फैसला, डोटासरा ने दिल्ली में सौंपी लिस्ट
प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी में नए लोगों को मौका दिए जाने की चर्चाएं हैं. वहीं पुराने नेताओं को भी एडजस्ट किया जा सकता है.

Published : July 4, 2026 at 6:59 PM IST
जयपुर: राजस्थान कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी में एक बार फिर फेरबदल और विस्तार को लेकर हलचल शुरू हो गई है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा शुक्रवार को प्रदेश कार्यकारिणी की सूची लेकर दिल्ली पहुंचे थे. यहां उन्होंने प्रदेश कार्यकारिणी में फेरबदल और विस्तार को लेकर पहले पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल से मुलाकात कर चर्चा की थी. उसके बाद शुक्रवार शाम को कार्यकारिणी में बदलाव और विस्तार की सूची प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा को सौंप दी थी. कार्यकारिणी में नामों को लेकर दोनों के बीच 1 घंटे तक चर्चा हुई. इस चर्चा के बाद प्रदेश कार्यकारिणी के मौजूद पदाधिकारियों में भी हलचल तेज हो गई है. कई पदाधिकारी अपने संपर्कों के जरिए यह मालूम करने का प्रयास कर रहे हैं कि उनका नाम हटने वालों की सूची में तो नहीं है.
परफॉर्मेंस रिपोर्ट के आधार पर होंगे इन और आउट: राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि प्रदेश कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष, महामंत्री और सचिवों की परफॉर्मेंस रिपोर्ट उनके कामकाज के आधार पर तैयार करवाई गई है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा लंबे समय से प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के कामकाज का आकलन करके उनकी रिपोर्ट तैयार कर रहे थे. डोटासरा हर पदाधिकारी की परफॉर्मेंस रिपोर्ट भी साथ लेकर दिल्ली गए हैं. रिपोर्ट के आधार पर ही तय होगा कि कौन पदाधिकारी कार्यकारिणी में बरकरार रहेगा और किसकी छुट्टी होगी.
पढ़ें: रंधावा-शाह मुलाकात : राजस्थान कांग्रेस प्रभारी बोले- इसे राजनीतिक चश्मे से देखना गलत
नए लोगों को भी मिलेगा कार्यकारिणी में मौका: पार्टी नेताओं का कहना है कि कार्यकारिणी में नए लोगों को भी मौका दिया जाएगा. वहीं पार्टी के विधायकों, सांसदों, पूर्व सांसदों और जिलाध्यक्ष रह चुके नेताओं को भी कार्यकारिणी में एडजस्ट किया जा सकता है. वहीं कई पदाधिकारी संगठन सृजन अभियान के जरिए जिलाध्यक्ष भी बन चुके हैं. ऐसे में उनके पास दोहरी जिम्मेदारी है. उन पदाधिकारियों को प्रदेश कार्यकारिणी से मुक्त किया जाएगा.
प्रदेश कार्यकारिणी में 200 से ज्यादा पदाधिकारी: प्रदेश कांग्रेस की मौजूदा कार्यकारिणी में 200 से ज्यादा पदाधिकारी हैं. हालांकि डोटासरा जब सियासी संकट के समय जुलाई 2020 में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बनाए गए थे, तब तमाम संगठन को भंग कर दिया गया था. उसके बाद डोटासरा ने 6 माह के भीतर अपनी पहली कार्यकारिणी बनाई थी, जिसमें 39 लोगों को मौका दिया गया था. उसके बाद साल 2022 में कार्यकारिणी का विस्तार किया गया था, जिसमें करीब डेढ़ सौ से ज्यादा पदाधिकारियों को मौका दिया गया था.
6 साल पूरे करेंगे डोटासरा: राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 15 जुलाई को गोविंद सिंह डोटासरा को अध्यक्ष पद पर 6 साल पूरे हो जाएंगे. ऐसे में डोटासरा चाहते हैं कि उन्हीं के कार्यकाल में प्रदेश कार्यकारिणी का एक बार फिर से फेरबदल और विस्तार हो जाए, जिससे कि पार्टी को आगामी निकाय और पंचायत चुनाव में मजबूती मिल सके. वहीं धरातल पर काम करने वाले लोगों को भी कार्यकारिणी में मौका दिया जा सके. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की मंजूरी के बाद जल्द ही प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी सामने आ सकती है.
इसे भी देखें: अब कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी में होगा बदलाव, नए लोगों को मिलेगा संगठन में मौका
स्ट्रैटेजिक कमेटी का भी गठन होगा: इस मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि राजस्थान में निकाय- पंचायत चुनाव होने हैं. उसके बाद विधानसभा चुनाव आ जाएंगे. ऐसे में संगठन को चुस्त दुरुस्त करने की कवायद चल रही है. तमाम पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के कामकाज के मॉनिटरिंग हो रही है. राजस्थान में स्ट्रैटेजिक कमेटी का भी गठन होना है. इसीलिए दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा से मुलाकात की थी.
निष्क्रिय पदाधिकारियों पर गिरेगी गाज: राजनीतिक विश्लेषक योगेश शर्मा का कहना है कि राजस्थान में कांग्रेस कार्यकारिणी के विस्तार और फेरबदल की कवायद लंबे समय से चल रही थी. प्रदेश में पार्टी के मुखिया गोविंद सिंह डोटासरा कई बार पार्टी फोरम पर भी कह चुके थे कि निष्क्रिय पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा. समर्पित होकर काम करने वाले लोगों को मौका मिलेगा. यही वजह है कि पार्टी हाई कमान ने भी डोटासरा को तमाम पदाधिकारियों के कामकाज की परफॉर्मेंस रिपोर्ट तैयार कर भेजने के निर्देश दिए थे. अब परफॉर्मेंस रिपोर्ट के आधार पर ही नई कार्यकारिणी सामने आएगी.

