ETV Bharat / state

रांची यूनिवर्सिटी का दीक्षांत समारोह 9 सितंबर को, डीएसपीएमयू में 26 सितंबर को बंटेंगी डिग्रियां

रांची यूनिवर्सिटी और डीएसपीएमयू का दीक्षांत समारोह सितंबर में ही मनाया जाएगा. तैयारियों पर चंदन भट्टाचार्य की रिपोर्ट.

Ranchi University
रांची यूनिवर्सिटी. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : September 1, 2026 at 2:29 PM IST

|

Updated : September 1, 2026 at 2:43 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः राजधानी रांची में सितंबर का महीना विश्वविद्यालयों के हजारों विद्यार्थियों के लिए खास होने जा रहा है. रांची विश्वविद्यालय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) में दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं. रांची विश्वविद्यालय का 39वां दीक्षांत समारोह 9 सितंबर को दीक्षांत मंडप परिसर में आयोजित होगा. वहीं, डीएसपीएमयू का तीसरा दीक्षांत समारोह 26 सितंबर को प्रस्तावित है. दोनों समारोहों में विद्यार्थियों को डिग्री के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉपर्स को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे.

आरयू में दीक्षांत समारोह की तैयारियां पूरी

रांची विश्वविद्यालय के 39वें दीक्षांत समारोह को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. रजिस्ट्रार राजकुमार शर्मा ने बताया कि समारोह से जुड़ी तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. समारोह में विभिन्न विषयों के टॉपर्स सहित अन्य पात्र विद्यार्थियों को डिग्री और स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे. विश्वविद्यालय की ओर से करीब 69 स्वर्ण पदक दिए जाने की जानकारी है. इनमें छात्राओं की संख्या अधिक है. करीब 40 स्वर्ण पदक छात्राओं के हिस्से में जाने की बात सामने आई है.

डीएसपीएमयू के प्रॉक्टर डॉ. अजय चौधरी का बयान. (वीडियो-ईटीवी भारत)

विद्यार्थियों के लिए ड्रेस कोड निर्धारित

इस बार रांची विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में पारंपरिक भारतीय परिधान को ड्रेस कोड बनाया गया है. छात्रों के लिए सफेद या ऑफ-व्हाइट-क्रीम रंग का कुर्ता-पायजामा या धोती निर्धारित किया गया है. छात्राएं लाल बॉर्डर वाली सफेद साड़ी और लाल ब्लाउज अथवा लाल दुपट्टे के साथ सफेद सलवार सूट पहनेंगी. विश्वविद्यालय की ओर से सभी पंजीकृत विद्यार्थियों को विशेष अंगवस्त्र यानी स्टोल भी दिया जाएगा, जिसे समारोह के दौरान पहनना अनिवार्य होगा. पारंपरिक परिधान में विद्यार्थी समारोह में नजर आएंगे, जिससे आयोजन में झारखंडी संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी.

DSPMU convocation
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय. (फोटो-ईटीवी भारत)

डीएसपीएमयू में जोर-शोर से चल रही है तैयारी

इधर, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय का तीसरा दीक्षांत समारोह 26 सितंबर को आयोजित किया जाएगा. विश्वविद्यालय वर्ष 2017 में अस्तित्व में आया था और इसके बाद यह तीसरा दीक्षांत समारोह होगा. इस समारोह में यूजी, पीजी, बीएड और पीएचडी के करीब तीन हजार विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएगी. विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार करीब 2500 से 3000 विद्यार्थियों को डिग्रियां दी जाएंगी. समारोह में एमए के सत्र 2024-26 और 2023-25 और यूजी के सत्र 2022-25 के टॉपर विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा. वहीं, वर्तमान बैच के विद्यार्थियों को भी डिग्री और मेडल दिए जाने की तैयारी है. समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार होंगे.

इस संबंध में डीएसपीएमयू के प्रॉक्टर डॉ. अजय चौधरी ने बताया कि दीक्षांत समारोह की तैयारियों के लिए 16 अलग-अलग कमेटियां गठित की गई हैं. विद्यार्थियों से समारोह में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं. विश्वविद्यालय प्रशासन आयोजन को व्यवस्थित और भव्य बनाने में जुटा है.

DSPMU convocation
डीएसपीएमयू कैंपस में छात्र. (फोटो-ईटीवी भारत)

सितंबर में होने वाले इन दोनों दीक्षांत समारोह से हजारों विद्यार्थियों को लंबे इंतजार के बाद उनकी शैक्षणिक उपलब्धि की औपचारिक पहचान मिलेगी. एक ओर जहां रांची विश्वविद्यालय के समारोह में पारंपरिक भारतीय परिधान आकर्षण का केंद्र रहेगा, वहीं डीएसपीएमयू में करीब तीन हजार विद्यार्थियों को डिग्री और टॉपर्स को मेडल दिए जाने से समारोह खास बनने जा रहा है.

ये भी पढ़ें-

नीलांबर पीतांबर यूनिवर्सिटी में सादगी के साथ होगा दीक्षांत समारोह, लोक भवन से मिले कई निर्देश

रांची विश्वविद्यालय के 39वें दीक्षांत समारोह की तैयारी तेज, 68 गोल्ड मेडलिस्ट की सूची जारी, बेटियों का रहा दबदबा

चिकित्सा सिर्फ एक पेशा नहीं मानवता का मिशन भी हैः संतोष गंगवार

Last Updated : September 1, 2026 at 2:43 PM IST