हिमाचल में शुरू हुई जनगणना 2027 की तैयारियां, यहां इन गांवों में शुरू होगा मकान सूचीकरण कार्य
जनगणना 2027 को दो चरणों में किया जाएगा. ये भारत की पहली डिजीटल जनगणना होगी.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : November 9, 2025 at 2:16 PM IST
रामपुर बुशहर: भारत सरकार के जनगणना आयुक्त एवं हिमाचल प्रदेश जनगणना निदेशालय ने आगामी जनगणना 2027 की तैयारियां शुरू कर दी हैं. इस कड़ी में प्रदेश के कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में प्रथम चरण का कार्य मकान सूचीकरण आरंभ किया जा रहा है. इसी के तहत तहसील रामपुर के तहत आने वाले 10 राजस्व गांवों कोशगर, रतनपुर, सनारसा, बसाहरा, करतोट, धड़ाली, कराई, जणींड, शाह और गसो को इस पूर्व परीक्षण के लिए चयनित किया गया है. यहां 10 नवम्बर से 30 नवम्बर तक मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा.
उपमंडलाधिकारी रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि 'इस दौरान जनगणना चार्ज अधिकारी, तहसीलदार रामपुर की ओर से नियुक्त प्रगणक (गणनाकार) और पर्यवेक्षक प्रत्येक घर का दौरा करेंगे और मकानों की जियो टेगिंग करेंगे और 34 प्रश्नों पर आधारित निर्धारित प्रारूप के अनुसार परिवारों से जानकारी एकत्रित करेंगे. जनगणना प्रगणक मकान की स्थिति, उसका उपयोग (आवासीय, गैर-आवासीय या व्यावसायिक), पेयजल और शौचालय की उपलब्धता, रेडियो, टीवी, गाड़ी, फोन आदि की सुविधाएं, तथा परिवार द्वारा उपयोग किए जाने वाले खाद्यान्नों से जुड़ी जानकारी दर्ज करेंगे.'
जनता से सहयोग की अपील
उपमंडलीय जनगणना अधिकारी एवं उप-मंडल अधिकारी रामपुर बुशहर ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वो जनगणना प्रगणकों को पूरा सहयोग दें और सही-सटीक जानकारी प्रदान करें. अधिकारी ने बताया कि एकत्र की गई जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी और इसे किसी अन्य विभाग या संस्था से साझा नहीं किया जाएगा. इसका उपयोग केवल राष्ट्रीय स्तर पर जनकल्याणकारी नीतियां व योजनाएं बनाने में किया जाएगा. जनगणना में सहभागिता प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है, इसलिए चयनित गांवों के निवासी प्रगणकों के दौरे के समय घर पर उपलब्ध रहें और सही जानकारी देकर राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में योगदान दें.
दो चरणों में होगी मतगणना.
बता दें कि जनगणना 2027 को दो चरणों में किया जाएगा. बता दें कि यह भारत की पहली डिजिटल जनगणना होगी. इसे दो चरण में पूरा किया जाएगा. पहला चरण हाउसलिस्टिंग का है, जो अप्रैल से सितंबर 2026 तक पूरा चलेगा और दूसरा चरण जनसंख्या गणना का है. यह पूरे देश में फरवरी 2027 से शुरू होगा, लेकिन इससे पहले 10 से 30 नवंबर, 2025 तक सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के चुनिंदा क्षेत्रों में इसी प्री टेस्टिंग होगी.
ये भी पढ़ें: विश्व कप जीतने के बाद रेणुका ठाकुर को मिली बुरी खबर, टीम ने छोड़ दिया साथ

