मेरठ, बुलंदशहर, गाजियाबाद के युवाओं के लिए खुशखबरी, मुफ्त में करिए ग्रुप C में जॉब पाने की तैयारी
क्या है आवश्यक योग्यता और आवेदन की प्रक्रिया और कब से शुरू होगा प्रशिक्षण, जानिए सबकुछ.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 9, 2026 at 11:47 AM IST
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के आस-पास और मेरठ मंडल के छात्रों के लिए अच्छी खबर है. यहां ग्रुप C की श्रेणी की नौकरियों के लिए नि:शुल्क ट्रेनिंग की शुरुआत मेरठ मंडल के मेरठ, समेत 3 जिलों में 1 अप्रैल से होने जा रही है. जिसमें 1 साल तक ‘कार्यालय प्रबन्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम‘ चलेगा. वहीं, विशेष रूप से अनुसूचित जाति एवं जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के स्टूडेंट्स के लिए खास इंतजाम और छूट भी है. जानिए क्या है एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया कैसे करें आवेदन.
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक शशिभूषण उपाध्याय ने बताया कि श्रम एवं सेवायोजन विभाग की तरफ से रोजगार कार्यालय में कोचिंग कम गाइडेंस की व्यवस्था की गई है, जिसे हिन्दी में शिक्षण एवं मार्गदर्शन केंद्र भी कहा जाता है. क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के अन्तर्गत स्थापित शिक्षण एवं मार्गदर्शन केन्द्र में अप्रैल 2026 से 1 वर्षीय सत्र के लिए कार्यालय प्रबन्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम की तिथि की घोषणा की जा चुकी है.
तीनों जिलों में कुल इतनी सीटें: मेरठ मंडल के मेरठ समेत बुलंदशहर, गाजियाबाद जिलों में शिक्षण और मार्गदर्शन केंद्रों की स्थापना हुई है. इन तीनों केंद्रों पर युवक, युवतियों के लिए प्रशिक्षण की सुविधा है. तीनों जिलों में 36-36 सीटें हैं.
ट्रेनिंग के दौरान कराई जाती हैं ये तैयारियां: इस प्रशिक्षण में इन्हें भाषा, हिन्दी, अंग्रेजी भाषा, गणित और सचिवीय भाषा के अलावा, टैली और एकाउन्टेंसी में भी पढ़ाया जाता है. साथ ही टंकन और आशुलिपि (Shorthand and Stenography) का प्रशिक्षण भी देते हैं. युवा यहां प्रशिक्षण लेकर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की रिक्तियों के लिए आवेदन कर सकते हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल भी हो सकते हैं.
विशेष रूप से ये 1 वर्षीय कोर्स अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति सहित अन्य पिछड़ा वर्ग के बच्चों के लिए है. इसमें 'GROUP C' की नौकरियों के लिए बच्चों को तैयार किया जाता हैं. प्रत्येक वर्ष ऐसे बच्चे भी होते हैं, जो यहां से प्रशिक्षण पाने के बाद सरकारी सेवाओं में नौकरी पाते हैं. बीते साल भी मेरठ केंद्र से निशुल्क प्रशिक्षण पाने वाले 2 स्टूडेंट को सरकारी सेवाओं में नौकरी मिली थी. जिनमें से 1 स्टूडेंट CISF में और दूसरा स्टूडेंट रेलवे में नौकरी पाया था.
इनके अलावा 18 से 20 बच्चों को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में होने वाले रोजगार मेलों के माध्यम से निजी क्षेत्र की अलग-अलग कंपनियों में नौकरी दिलाई है. इसके अलावा समय-समय पर निकलने वाली सरकारी नौकरियों के लिए भी यहां पर ट्रेन किया जाता है.
तैयारी के माध्यम से पा सकते हैं ये नौकरियां: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) राज्य में ग्रुप 'C' और ग्रुप 'D' के non gazetted पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (PET) की तैयारी कराई जाती है. जिसमें सफल होने के बाद ऐसे प्रशिक्षण पाने वाले बच्चे क्लास 3 की विभिन्न विभागों में समय-समय पर निकलने वाली लेखपाल, जूनियर असिस्टेंट, जूनियर इंजीनियर और स्टेनोग्राफर जैसी नौकरियां पा सकते हैं.
प्रतिमाह अनुसूचित जाति के लिए स्कॉलरशिप: श्रम एवं सेवायोजन विभाग ऐसे परिवार के बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण कराता है ताकि वे बच्चे प्रतियोगी परीक्षा में शामिल हो सकें. अनुसूचित जाति के जो यूथ हैं, उनके लिए प्रतिमाह 200 रूपये की छात्रवृत्ति देने की भी व्यवस्था की गई है. ऐसे छात्र जो इंटरमिडीएट हैं, अंग्रेजी आती हो, कम से कम 18 साल की आयु के बाद प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकते हैं.
वहीं कोचिंग कम गाइडेंस के इंस्ट्रक्टर प्रदूम्न कौशिक ने बताया कि आवेदन पत्र के साथ शैक्षिक योग्यता, जाति प्रमाण पत्र, पंजीयन कार्ड की छायाप्रतियां और self addressed envelope, डाक टिकट सहित इच्छुक युवा सेवायोजन कार्यालय में 24 मार्च तक जमा कर सकते हैं. उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति के पुरूष अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 26 मार्च को, जबकि अनुसूचित जाति की महिला अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 27 मार्च को और अन्य पिछडे़ वर्ग के अभ्यर्थियों का इंटरव्यू 28 मार्च को लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: लखनऊ के कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग के कैडेटों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग, जानिए किसने कौन सी ट्रॉफी जीती

