ETV Bharat / state

पिथौरागढ़ महिला अस्पताल के अल्ट्रासाउंड कक्ष में लटका ताला, बैरंग लौट रहीं दूर दराज से आईं गर्भवतियां

पिथौरागढ़ जिला महिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की कमी, एक रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने से अल्ट्रासाउंड कक्ष में लटका ताला, गर्भवतियां हुईं परेशान

FEMALE HOSPITAL PITHORAGARH
हरगोविंद पंत जिला महिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ (फोटो सोर्स- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 19, 2026 at 3:08 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पिथौरागढ़: उत्तराखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल किसी से छुपी नहीं है. पिथौरागढ़ जिला महिला अस्पताल का भी कमोवेश यही हाल है. जहां अल्ट्रासाउंड कक्ष में ताला लटका हुआ है. ऐसे में अल्ट्रासाउंड कराने अस्पताल पहुंच रही सीमांत की गर्भवतियों को बैरंग ही घर वापस लौटना पड़ रहा है. बताया जा रहा है कि रेडियोलॉजिस्ट के ड्यूटी पर न होने से गर्भवतियों को अल्ट्रासाउंड सुविधा नहीं मिल रही है.

रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर जाने से गर्भवतियों को हुई परेशानी: बता दें कि हरगोविंद पंत जिला महिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ में जिले के साथ नेपाल और चंपावत की गर्भवतियां अपना अल्ट्रासाउंड कराने के लिए पहुंचती हैं. आज भी जिला अस्पताल पहुंचने पर महिलाओं को जानकारी मिली कि रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर हैं. जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

"मैं अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए ही गांव से निकली थी, लेकिन अल्ट्रासाउंड नहीं हो पाया."- संगीता, गर्भवती महिला

"मैं भी अल्ट्रासाउंड कराने आई थी, लेकिन यहां पहुंचकर पता चला कि डॉक्टर अवकाश पर है."- मंजू, गर्भवती महिला

बगैर अल्ट्रासाउंड कराए ही वापस लौटीं महिलाएं: कई अन्य महिलाएं भी अल्ट्रासाउंड की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंच रही है, लेकिन बगैर अल्ट्रासाउंड कराए ही वापस लौटना पड़ा. बताया जा रहा है कि कल यानी शुक्रवार को भी अस्पताल में गर्भवतियों के अल्ट्रासाउंड नहीं होंगे. महिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं के लिए हफ्ते में दो दिन बुधवार और शुक्रवार को अल्ट्रासाउंड शिविर लगाया जाता है.

Pithoragarh Women District Hospital
अल्ट्रासाउंड कक्ष में लटका ताला (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

5 लाख की आबादी पर एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट तैनात: बता दें कि सीमांत की पांच लाख से ज्यादा आबादी के ऊपर एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट तैनात है. गर्भवतियों से लेकर आम रोगियों के अल्ट्रासाउंड का जिम्मा उनके ही कंधों पर है. ऐसे में अगर एक और रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती होती तो लोगों को इस तरह की दिक्कत से जूझना नहीं पड़ता. पूर्व में लगातार स्थानीय लोगों यहां पर स्थायी रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की मांग कर रहे हैं.

पिथौरागढ़ जिला अस्पताल में लग रही मरीजों की भीड़: उधर, पिथौरागढ़ जिला अस्पताल के फिजीशियन कक्ष में रोगियों की भीड़ जुट रही है. बुखार, जुखाम, खांसी, पेट दर्द से परेशान मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं. इस दौरान मरीज फिजीशियन कक्ष में अपना पर्चा लगाकर अपनी बारी का इंतजार करते दिख रहे हैं. डॉक्टर बारी-बारी से सभी मरीजों की जांच कर रहे हैं. इसके अलावा विभिन्न सीएचसी में भी भीड़ लग रही है.

"रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर हैं. उनके वापस ड्यूटी पर लौटने पर सुविधा सुचारू हो जाएगी."- डॉ. भागीरथी गर्याल, पीएमएस जिला अस्पताल पिथौरागढ़

ये भी पढ़ें-