दहेज के लिए गर्भवती महिला की हत्या, ससुराल वालों पर जिंदा जलाने का आरोप
बोकारो में गर्भवती महिला की हत्या कर दी गई. ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया गया है.


Published : January 4, 2026 at 8:31 PM IST
बोकारो: जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र के अंगवाली गांव में दहेज की मांग को लेकर एक गर्भवती महिला की जान ले ली गई. आरोप है कि दहेज के लिए ससुराल वालों ने जिंदा जला कर महिला की हत्या कर दी. इस अमानवीय घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है. आगे की जांच की जा रही है.
मामले की जानकारी देते हुए मृतका के भाई ने बताया कि नीतू कुमारी (29) की शादी करीब तीन साल पहले अंगवाली के रहने वाले विनोद रविदास से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही उसके पति और ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर नीतू को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे. प्रताड़ना के बाद सामाजिक स्तर पर समझौता भी कराया गया. लेकिन हालात नहीं सुधरे.
मृतका के परिवार का आरोप है कि 18 दिसंबर को जब नीतू कुमारी किचन में खाना बना रही थी, तभी उसे पीछे से आग लगा दी गई. जिससे वह 85 से 90 प्रतिशत जल गई थी. उसे गंभीर हालत में बीजीएच बोकारो में भर्ती कराया गया, जहां 1 जनवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. उसके परिवार ने नीतू के पति विनोद रविदास, सास तेतरी देवी और साडम के रहने वाले मामा कारू रविदास पर मिलकर आग लगाने और हत्या करने का आरोप लगाया है.
पेटरवार पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर तेनुघाट जेल भेज दिया है. पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा ने बताया कि मृतका के भाई के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और महिला के पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. मामले की जांच चल रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें:
संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की निजी अस्पताल में मौत, परिजनों ने दहेज हत्या का लगाया आरोप
दहेज के लिए हत्याः माता-पिता के साथ एयरफोर्स का जवान गया जेल!

