ETV Bharat / state

झज्जर में गर्भवती बैंककर्मी की हत्या, परिजनों ने आरोपों के बाद आरोपी पति गिरफ्तार

झज्जर में गर्भवती बैंककर्मी महक की हत्या, परिजनों ने पति पर आरोप लगाकर सख्त सजा की मांग की.

Pregnant woman murder  Jhajjar
झज्जर में गर्भवती बैंककर्मी की हत्या (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 16, 2026 at 5:15 PM IST

|

Updated : February 16, 2026 at 9:07 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

झज्जर: झज्जर जिले के पाहसोर गांव के पास हांसी की गर्भवती बैंककर्मी महक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. महक की शादी करीब चार महीने पहले हिसार निवासी अंशुल से हुई थी. महक गुरुग्राम के एक निजी बैंक में कार्यरत थी, जबकि उसका पति अंशुल भी गुरुग्राम में सीए बताया जा रहा है. हत्या की सूचना खुद अंशुल ने पुलिस को दी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महक की नुकीले धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई.

आरोपी पति गिरफ्तार : बादली थाना क्षेत्र पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. झज्जर पुलिस कमिश्नर डॉ.राजश्री सिंह के दिशा-निर्देशों पर पुलिस द्वारा इस मामले में तत्परता से कार्रवाई की गई. इस संबंध में शिकायतकर्ता अक्षय पुत्र कृष्ण निवासी त्रिकोण पार्क,हांसी के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया गया था.

परिजनों ने पति पर लगाए गंभीर आरोप (Etv Bharat)

तेजधार हथियार से हत्या : शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी छोटी बहन महक की शादी 25 सितंबर 2025 को अंशुल धवन पुत्र रमेश धवन निवासी सेक्टर-33,हिसार के साथ हुई थी. महक एचडीएफसी बैंक, गुड़गांव में कार्यरत थी, जबकि उसका पति वहीं पर चार्टर्ड अकाउंटेंट के रूप में काम करता था. शिकायतकर्ता के अनुसार,14 फरवरी को दोनों हिसार में थे और रविवार शाम करीब 7 बजे कार से गुड़गांव के लिए रवाना हुए थे. रात लगभग 10 बजे अंशुल के पिता रमेश ने फोन कर हादसे की सूचना दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि महक का शव पड़ा हुआ था और उसके शरीर पर तेज धार हथियार के गहरे निशान थे. परिजनों ने आरोप लगाया कि ये कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है. शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पति अंशुल पहले भी महक के साथ झगड़ा करता था और उसके चरित्र पर शक जताता था. इसी रंजिश के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया और बाद में इसे लूट की घटना का रूप देने की कोशिश की.

pregnant-bank-employee-murdered-near-jhajjar-husband-accused-by-family
आरोपी पति गिरफ्तार (Etv Bharat)

पति के बयानों में विरोधाभास : मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए. प्रारंभिक जांच में ही पुलिस को हादसे की कहानी संदिग्ध लगी. वैज्ञानिक तरीके से जांच और पूछताछ के दौरान आरोपी के बयान में विरोधाभास सामने आए. इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर सच्चाई उजागर हो गई. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और उससे आगे की पूछताछ जारी है. मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है ताकि पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके.

बहन का आरोप: महक की बहन श्रुति ने रोते हुए सीधे तौर पर अंशुल पर हत्या का आरोप लगाया. श्रुति ने कहा कि, "मेरी बहन दो महीने की गर्भवती थी. दोनों के बीच सब कुछ ठीक था, ऐसा हमें बताया जाता था. अगर सब ठीक था तो फिर उसने मेरी बहन को क्यों मारा?. हमें हमारी बहन के लिए इंसाफ चाहिए और आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए.”

pregnant-bank-employee-murdered-near-jhajjar-husband-accused-by-family
महक के साथ अंशुल (Etv Bharat)

मां बोली- "उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए": महक के भाई ने कहा, "हमारी बहन ने कभी किसी से शिकायत नहीं की. हमें यकीन नहीं हो रहा कि उसके साथ ऐसा हो गया. हमें पूरा शक है कि ये हत्या है और इसके पीछे उसका पति ही है." वहीं, मां का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने बिलखते हुए कहा, “मेरी बेटी ने अभी जिंदगी शुरू ही की थी. वो मां बनने वाली थी. दोषी को कड़ी सजा मिलनी चाहिए.”

ये भी पढ़ें:अंबाला में दर्दनाक हादसा: दिल्ली-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक पलटा, दो की मौके पर मौत

Last Updated : February 16, 2026 at 9:07 PM IST