Rajasthan Monsoon : 19 जिलों में अलर्ट, आगामी 72 घंटे में आंधी-बारिश का अनुमान, रतनगढ़-सरदारशहर में तूफानी बारिश
इस बार राजस्थान में मानसून करीब 7 दिन की देरी से, यानी 30 जून या जुलाई के पहले सप्ताह तक पहुंचने की उम्मीद है.

Published : June 24, 2026 at 1:25 PM IST
|Updated : June 24, 2026 at 6:49 PM IST
जयपुर: राजस्थान में मानसून से पहले ही मौसम ने करवट ले ली है. प्री-मानसून गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं और मौसम विभाग ने प्रदेश के 19 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. अगले 72 घंटों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून के मुंबई पहुंचने के बाद इसके तेजी से आगे बढ़ने के संकेत हैं. संभावना जताई जा रही है कि मानसून बुधवार तक गुजरात और मध्यप्रदेश पहुंच सकता है, जिसके 3-4 दिन बाद राजस्थान और उत्तर प्रदेश में इसकी एंट्री हो सकती है. हालांकि इस बार राजस्थान में मानसून करीब 7 दिन की देरी से, यानी 30 जून या जुलाई के पहले सप्ताह तक पहुंचने की उम्मीद है. विभाग के जयपुर केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, आने वाले दिनों में मानसून के और सक्रिय होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. जून के अंत और जुलाई के पहले सप्ताह में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है. कुल मिलाकर, राजस्थान में प्री-मानसून ने दस्तक दे दी है.
पढ़ें: प्री-मानसून से तरबतर राजस्थान, कई जिलों में तेज बारिश और आंधी, 5 दिन का येलो अलर्ट
प्री-मानसून का असर, कई जिलों में बदला मौसम: प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून का असर साफ नजर आ रहा है. जयपुर सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है, लेकिन उमस बढ़ने से लोग परेशान भी नजर आए. पिछले 24 घंटों में श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर में भी मौसम बदला है. मौसम विभाग के अनुसार, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, अलवर, डीग, भरतपुर, धौलपुर, दौसा, टोंक, करौली और सवाई माधोपुर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं (30-50 किमी/घंटा) और वज्रपात की संभावना है.
116 स्थानों पर बारिश, शेखावाटी में ज्यादा असर: पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 116 स्थानों पर बारिश दर्ज की गई, जबकि 25 बांधों के आसपास भी वर्षा रिकॉर्ड की गई. जयपुर जिले में 7 स्थानों पर बारिश हुई, जबकि शेखावाटी क्षेत्र में बारिश का जोर ज्यादा रहा. राज्य में सबसे ज्यादा बारिश तिजारा (खैरथल) में 35 मिलीमीटर दर्ज की गई. इसके अलावा उदयपुरवाटी (झुंझुनू) में 26 मिमी और तालेड़ा (बूंदी) में 25 मिमी दर्ज हुई.
यह भी पढ़ें: प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम का मिजाज, IMD का कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
टॉप 10 वर्षा रिकॉर्ड (पिछले 24 घंटे)
- उदयपुरवाटी (झुंझुनूं) – 26 मिमी
- तालेड़ा (बूंदी) – 25 मिमी
- नगर (डीग) – 24 मिमी
- शाहपुरा (जयपुर) – 22 मिमी
- डीग शहर / रतनगढ़ – 21 मिमी
- सरदारशहर / चौथ का बरवाड़ा / सीकरी – 20 मिमी
- किशनगढ़बास / जनूथर – 19 मिमीकठूमर – 18 मिमी
- भानीपुरा / चिड़ावा / खेतड़ी – 16 मिमी
- तिजारा (खैरथल) – 35 मिमी
जयपुर-सीकर में राहत, कोटा में आंधी से नुकसान: राजधानी जयपुर में सुबह से कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है. चौमूं क्षेत्र में भी मौसम सुहावना हो गया. सीकर के श्रीमाधोपुर में लगातार बारिश से मौसम पूरी तरह बदल गया, करीब दो घंटे तक रुक-रुक कर बारिश हुई, तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाओं के बीच कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई.
वहीं, कोटा जिले के सांगोद क्षेत्र में तेज धूल भरी आंधी ने जनजीवन को प्रभावित किया. लेवा गांव में खेत पर बने मकान के टीन उड़ गए और पेड़ों को नुकसान पहुंचा. बारिश नहीं होने से किसानों में मायूसी भी देखी गई, जबकि आसपास के क्षेत्रों में बुवाई शुरू हो चुकी है. आज सुबह हनुमानगढ़ श्रीगंगानगर चुरू जिले के कुछ इलाकों में भी हल्की बूंदाबांदी के साथ बारिश हुई.
चूरू के रतनगढ़-सरदारशहर में तूफानी बारिश, रतनगढ़ के बाजार में बाढ़ जैसे हालात : चूरू के रतनगढ़ में बुधवार को तूफानी बारिश का कहर देखने क़ो मिला, जहां जबरदस्त बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हुआ. करीब पौने घंटे तक बारिश हुई, जिससे शहर जलमग्न हो गया. मौसम विभाग ने 31 एमएम बारिश दर्ज की. रतनगढ़ का उतरादा बाजार, चूरू रोड, सरदारशहर बाइपास, देराजसर रोड, बस स्टैंड, जिला अस्पताल के सामने, पोस्ट ऑफिस सड़क सहित शहर में कई इलाकों में बरसाती पानी एकत्रित होने से वाहन चालकों एवं राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
बरसात से क्षेत्र में ड्रेनेज व्यवस्था की भी पोल खोल कर रख दी. वहीं, मुख्य बाजारों में नालो की सफाई के टेंडर होने के बाद भी भूमिगत नालों की सफाई नहीं होने से व्यापारियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा. जोरदार बारिश के बाद उत्तरादा बाजार में बाढ़ जैसे हालात बन गए. दुकानों में पानी जाने से व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा.

