प्रतापगढ़ में जूनियर इंजीनियर ने किया सुसाइड, पत्नी और बच्चों को रक्षाबंधन पर भेज दिया था घर
उदयपुर थाना क्षेत्र की घटना. उदयपुर पावर हाउस में वर्ष 2019 से तैनाती थी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 2, 2026 at 11:01 AM IST
प्रतापगढ़ : उदयपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को बिजली विभाग के अवर अभियंता (JE) ने आत्महत्या कर ली. दोपहर में कर्मचारियों के कई बार फोन करने के बावजूद फोन रिसीव नहीं हुआ तो वे उनके किराए के कमरे पर पहुंचे. दरवाजा खोलने पर जेई का शव फंदे से लटका मिला. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतरवाकर जांच शुरू की. अवर अभियंता की पहचान विवेक यादव (38) पुत्र राजन प्रसाद यादव के रूप में हुई.
अवर अभियंता विवेक यादव के छोटे भाई विनय का कहना है कि परिवार में किसी तरह की अनबन नहीं थी. विवेक यादव उदयपुर पावर हाउस में तैनात थे. करीब दो महीने पहले ही उन्होंने जेई का चार्ज संभाला था. वह मंगापुर बाजार में पत्नी सुमन यादव (35), बेटे और दो बेटियों के साथ किराए के मकान में रहते थे. रक्षाबंधन के अवसर पर पत्नी तीनों बच्चों के साथ अपने घर चली गई थीं.

सीओ राजीव द्विवेदी ने बताया कि विवेक यादव वर्ष 2019 में विद्युत विभाग में एसएसओ के पद पर भर्ती हुए थे. करीब सात साल से उदयपुर पाॅवर हाउस पर तैनात थे. बाद में उन्होंने जेई का चार्ज संभाला था. विवेक का बेटा नैतिक (15) वाराणसी में रहकर पढ़ाई करता है. बेटियां निहारिका (12) और नव्या (8) सांगीपुर के सिद्ध आश्रम पब्लिक स्कूल में पढ़ती हैं.
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सोमवार रात करीब 10 बजे उनका फोन पर किसी से विवाद हुआ था. इसके बाद रात करीब साढ़े 10 बजे से उनका फोन नहीं लग रहा था. हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है. परिजनों को सूचित कर दिया गया है. सहकर्मियों और अन्य लोगों से आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें : जेई ने पत्नी और बेटी संग खाया जहर, इलाज के दौरान मौत, सुसाइड नोट बरामद

