नहीं थम रहा बवाल : खाचरियावास ने सरकार की सद्बुद्धि के लिए किया हनुमान चालीसा का पाठ
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च करते हुए पूर्व मंत्री खाचरियावास ने पेट्रोल पंप हनुमान मंदिर पहुंच हनुमान चालीसा का पाठ किया. जानिए पूरा मामला...

Published : February 24, 2026 at 6:58 PM IST
जयपुर: राजधानी के सिविल लाइन विधानसभा क्षेत्र के किशोरपूरा में गोवंश के अवशेष मिलने के मामले को लेकर बयानबाजी और सियासत जारी है. इस मामले को लेकर पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास लगातार सरकार पर हमला बोल रहे हैं और कई बार प्रदर्शन भी कर चुके हैं. मंगलवार को खाचरियावास ने शाम 5 बजे अपने आवास से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पद यात्रा शुरू की और 2 किलोमीटर की पद यात्रा करते हुए पेट्रोल पंप वाले हनुमान जी मंदिर पहुंचे और सरकार की सद्बुद्धि के लिए हनुमान चालीसा का पाठ किया.
खाचरियावास करीब आधे घंटे तक कार्यकर्ताओं के साथ पेट्रोल पंप वाले हनुमान जी मंदिर में बैठे रहे और पूजा पाठ की. इससे पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता ने अपराध किया है. जब आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है तो फिर भाजपा सरकार उसे गिरफ्तार क्यों नहीं कर रही है, क्योंकि वह भाजपा का कार्यकर्ता है.
उन्होंने कहा कि हमने सरकार की सद्बुद्धि के लिए आज हनुमान चालीसा का पाठ किया है. अब भी अगर सरकार अपनी गलती पर प्रायश्चित नहीं करती है तो फिर हम मुख्यमंत्री और राजभवन का भी घेराव करेंगे. साथ ही पूरे प्रदेश में गोवंश बचाने और उन्हें राज्य पशु का दर्जा देने की मांग भी करेंगे.
प्रताप सिंह ने कहा कि हमारी सरकार ने गायों को बचाने के लिए गौशाला खोली थी. नंदी शाला खोली थी और 1000 करोड़ का बजट गोवंश के नाम पर दिया था, लेकिन भाजपा की सरकार में रोज गायों की मौत हो रही है. इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगा और सरकार के खिलाफ लगातार इस मुद्दे पर आंदोलन करते रहेंगे.

