ETV Bharat / state

प्रशांत किशोर ने ली विधानसभा की सदस्यता, बोले- बिहार की बेहतरी के लिए मैं काम करूंगा

प्रशांत किशोर ने विधानसभा की सदस्यता ग्रहण कर ली है. इसे उन्होंने गौरव का क्षण बताया. रिपोर्ट- अविनाश कुमार.

Prashant Kishor
प्रशांत किशोर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 17, 2026 at 1:34 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : जन सुराज के संयोजक और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने आज (सोमवार) बिहार विधानसभा की सदस्यता की शपथ ले ली है. विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने उन्हें गोपनीयता की शपथ दिलाई.

'सदन का सदस्य बनना गौरव की बात' : शपथ लेने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि इस सदन का सदस्य बनना गौरव की बात है. जिस सदन के जननायक भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर, श्री कृष्ण सिंह, नीतीश कुमार, लालू प्रसाद यादव, रामविलास पासवान, केदार पांडे और सुशील मोदी जैसे नेता सदस्य रहे हैं, उस सदन का सदस्य बनना मेरे लिए गौरव की बात है.

शपथ लेते प्रशांत किशोर (ETV Bharat)

''मेरे जैसे व्यक्ति के लिए एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी भी है. जिस सदन में सैकड़ों लोगों ने समाज और इस राज्य की बेहतरी के लिए अपने जीवन के बहुमूल्य साल लगाए हैं, उनसे प्रेरणा लेकर बिहार में समाज की बेहतरी के लिए मैं आगे काम करूं.''- प्रशांत किशोर, विधायक, जन सुराज

बांकीपुर में जबरदस्त जीत : दरअसल, बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने शानदार जीत हासिल की है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन राज्यसभा के सदस्य बने और उसके बाद 30 जुलाई को बांकीपुर उपचुनाव हुआ था. 3 अगस्त को बांकीपुर विधानसभा का रिजल्ट आया जिसमें प्रशांत किशोर ने एनडीए उम्मीदवार को करीब 20000 वोटों से हराया. जीत के बाद आज विधानसभा की शपथ ले ली.

रोजगार है बड़ी चुनौती : विधायक पद की शपथ लेने के बाद प्रशांत किशोर के सामने अब अपने चुनावी वादों को जमीन पर उतारने की चुनौती है. उन्होंने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है. प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि उनका लक्ष्य अगले एक-दो वर्षों में क्षेत्र के कम से कम 10 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में मदद करना है. इसके लिए उन्होंने नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं से अपना सीवी (CV) और बायोडाटा उनके कार्यालय में जमा करने की अपील की है.

विधानसभा चुनाव में मिली थी शिकस्त : प्रशांत किशोर 2025 विधानसभा चुनाव में भी 243 सीटों में से अधिकांश सीटों पर अपनी पार्टी के उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन एक भी सीट पर सफलता नहीं मिली. प्रशांत किशोर के उस समय भी चुनाव लड़ने की चर्चा थी. तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर से भी चुनाव लड़ने की उनकी चर्चा होती रही लेकिन प्रशांत किशोर खुद किसी सीट पर चुनाव नहीं लड़े. जब बांकीपुर उपचुनाव हुआ तब प्रशांत किशोर ने चुनाव लड़ा और जीत हासिल की है.

Prashant Kishor
पार्टी के नेताओं के साथ पहुंचे प्रशांत किशोर (ETV Bharat)

पुरजोर तरीके से रखेंगे अपनी बात : कहा जा रहा है कि प्रशांत किशोर भले ही अपनी पार्टी के अकेले विधायक सदन में रहेंगे, लेकिन उनके बातों की गूंज जोरदार तरीके से सुनाई पड़ेगी. दरअसल जिस प्रकार से वह सरकार पर हमलावर हैं उससे साफ है कि आने वाले समय में बिहार विधानसभा का सत्र गर्माया हुआ दिखाई पड़ेगा.

ये भी पढ़ें :-

सितंबर से बिहार यात्रा पर निकलने की तैयारी में प्रशांत किशोर, संगठन और MLC चुनाव पर फोकस

सरकारी बंगले में नहीं रहेंगे प्रशांत किशोर, 182 नंबर आवास बनेगा बांकीपुर का 'जनता कार्यालय'

'बायोडाटा मेरे ऑफिस भिजवाइए' प्रशांत किशोर का बड़ा ऐलान- '10 हजार युवाओं को नौकरी देंगे'

Explainer: बांकीपुर के बाद प्रशांत किशोर का अगला टारगेट क्या? MLC चुनाव में 'तीसरे विकल्प' की तैयारी