ETV Bharat / state

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, चार गोलियां आर-पार निकलीं, पांच शरीर में धंसी

अंकित बालियान को नौ गोलियां लगीं थी. गुरुवार तड़के ढाई बजे से आठ बजे तक दो डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमॉर्टम किया.

अंकित बालियान को लगी थी नौ गोलियां.
अंकित बालियान को लगी थी नौ गोलियां. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : August 27, 2026 at 10:43 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शामली : हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आ गई है. अंकित के पैर से सिर तक नौ गोलियां मारी गईं. इनमें चार गोलियां शरीर को आर-पार कर गईं, जबकि पांच गोलियां शरीर के अंदर धंसी पाई गईं. गुरुवार दोपहर डेढ़ बजे पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार हुआ. बड़े भाई राजीव ने मुखाग्नि दी. बुधवार रात ही अंकित बालियान के पिता सत्यवीर फौजी की तहरीर पर पुलिस ने चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था.

पोस्टमॉर्टम से पहले कराए गए एक्स-रे और सीटी स्कैन में नौ गोलियां लगने की पुष्टि हुई थी. अंकित के सिर में दो गोलियां लगीं, जो आरपार हो गईं. शरीर में धंसी पांच गोलियों में दो जांघ में, दो पेट में और एक गोली छाती के आसपास मिली. इसके अलावा अन्य दो गोलियां भी शरीर को आरपार करती हुई निकलीं. गुरुवार तड़के ढाई बजे से आठ बजे तक दो डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमॉर्टम किया.

बता दें, हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की बुधवार शाम नाला पटरी मार्ग पर जिम से बाहर निकलते ही बदमाशों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी. कुछ घंटे बाद ही रात में इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए गोगी ग्रुप के भोलू शाहपुरिया ने हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था. इसके अलावा गुरुवार को दिन में हरियाणवी सिंगर भूपेंद्र ढींगरा ने खुद का वीडियो प्रसारित कर दावा किया कि अंकित की उसने हत्या कराई है. अंकित ने उसको गाली दी थी.

हालांकि अंकित के पिता ने कहा कि उनके पुत्र की ऐसी किसी बड़े गैंग से कोई दुश्मनी नहीं थी. इसमें किसी हरियाणवी सिंगर का हाथ हो सकता है. वहीं हत्याकांड से नाराज परिजन और अन्य ने रात 11:46 तक वर्मा मार्केट चौराहे पर शव रखकर जाम लगाए रखा था. बाद में एसपी ने चार दिन में हत्याकांड का राजफाश करने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद परिजनों ने जाम खोल दिया.

एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि पूरे हत्याकांड के खुलासे के लिए चार टीमें लगाई गई हैं जो कि पानीपत, दिल्ली, करनाल की पुलिस और जांच एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं.

यह भी पढ़ें : हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या; जिम के बाहर अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली, बाइक सवार बदमाश फरार

यह भी पढ़ें : यूपी में अब 50 किलोवाट तक के कनेक्शन के लिए नहीं होगी NOC, सेल्फ डिक्लेरेशन पर मिलेगा कनेक्शन