बीजापुर में पोर्टाकेबिन की 3 छात्राओं के गर्भवती होने की खबर, कांग्रेस ने की जांच की मांग, DEO ने किया खंडन
पोर्टाकेबिन आवासीय संस्था में 3 छात्राओं के गर्भवती होने के मामले को कांग्रेस ने उठाते हुए जांच की मांग की है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : March 15, 2026 at 8:49 PM IST
बीजापुर. जिले के एक पोर्टा केबिन आवासीय संस्था में तीन छात्राओं के गर्भवती होने की खबर है. इसे लेकर कांग्रेस ने आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है. हालांकि जिला शिक्षा अधिकारी ने इस खबर का खंडन करते हुए एक आदेश जारी किया है.
क्या है आरोप
कुछ खबरों के मुताबिक बताया जा रहा है कि तीनों छात्राएं करीब पांच माह की गर्भवती हैं, जिनमें से दो छात्राएं नाबालिग बताई जा रही हैं. छात्राओं के गर्भवती कार्ड भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा बनाए जाने की जानकारी है. घटना सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

कांग्रेस ने की जांच की मांग
बीजापुर विधायक विक्रम शाह मंडावी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि शिक्षा क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही चिंताजनक है. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के साथ व्यवस्था में सुधार की मांग की जाएगी. वहीं मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी जांच की मांग की है.
आवासीय विद्यालय से आ रही ये ख़बर चिंता पैदा करती है. पता चला है कि अब सरकारी अमला इस मामले को रफ़ा दफ़ा करने में जुट गया है. मामले की पूरी जांच होनी चाहिए और दोषी लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.- भूपेश बघेल, पूर्व CM

छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने X प्लेटफार्म पर उठाया मुद्दा
मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच की मांग तेज हो गई है और पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है. छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने X पर लिखा कि चिंतनीय, बीजापुर के आवासीय छात्रावास में दो नाबालिग सहित तीन छात्राओं का गर्भवती पाया जाना छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है. सरकार को इस मामले की लीपापोती करने के बजाय इसकी गहन जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए.

कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी ने किया खबर का खंडन
इस मामले पर कलेक्टर ने कहा कि ये विषय अभी जांच में है, वे छात्राएं इस समय पोटाकेबिन की नहीं हैं. कांग्रेस के आरोपों पर बीजापुर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से भी एक आदेश सामने आया है. इसमें लिखा है कि, हाल ही में कुछ समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में यह खबर प्रकाशित/प्रसारित की गई है कि पोर्टाकेबिन हाई स्कूल छात्रावास की 3 छात्राएं गर्भवती हैं. इस संबंध में शिक्षा विभाग द्वारा जांच की गई.
इसमें यह पाया गया कि 2 छात्राएं पोर्टाकेबिन हाई स्कूल छात्रावास में अध्ययनरत या निवासरत ही नहीं हैं. वे दोनों आत्मानंद स्कूल की हैं. वहीं एक अन्य छात्रा पूर्व में छात्रावास में अध्ययनरत थी लेकिन 5 माह से छात्रावास से अनुपस्थित है. आगे आदेश में लिखा गया कि भ्रामक, निराधार एवं तथ्यहीन खबरों पर विश्वास ना करें.

