बिहार में घने कोहरे से दरभंगा एयरपोर्ट ठप!, 8 फ्लाइट्स रद्द, 1240 यात्री हुए प्रभावित
बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट पर घने कोहरे के कारण एक सप्ताह से उड़ानें प्रभावित है. शनिवार को चार जोड़ी उड़ानें रद्द. पढ़ें खबर-

Published : December 28, 2025 at 2:02 PM IST
दरभंगा: बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट पर घने कोहरे का कहर जारी है. कम विजिबिलिटी के कारण पिछले एक सप्ताह से उड़ानें प्रभावित हो रही हैं, जिससे यात्रियों को देरी, कैंसिलेशन और रिशेड्यूलिंग का सामना करना पड़ रहा है. उत्तर भारत में छाए घने कोहरे ने हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया है.
शनिवार को स्पाइसजेट की दो उड़ानें ही संचालित: शनिवार को दरभंगा एयरपोर्ट से स्पाइसजेट ने दिल्ली और मुंबई के लिए एक-एक उड़ान का संचालन किया. मुंबई से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट की उड़ान एसजी-334 निर्धात समय से चार मिनट पहले पहुंची, जबकि दिल्ली से आने वाली उड़ान एसजी-495 करीब 40 मिनट पहले लैंड हुई. इंडिगो और अकासा एयर की सभी उड़ानें रद्द रहीं.
उड़ानों के रद्द होने से 1240 यात्री प्रभावित: शनिवार को कुल चार जोड़ी उड़ानों के रद्द होने से करीब 1240 से अधिक यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई. राहत की बात यह रही कि एयरलाइंस ने कैंसिलेशन की सूचना पहले ही मोबाइल मैसेज और सूचना पट के माध्यम से दे दी थी, जिससे यात्रियों को ज्यादा असुविधा नहीं हुई. एयरपोर्ट पहुंचे यात्री सूचना मिलते ही वापस लौट गए.
शुक्रवार को सभी उड़ानें रद्द: शुक्रवार को घने कोहरे के कारण कोई विमान लैंड नहीं कर सका, जिससे दरभंगा एयरपोर्ट से सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं. यात्री मनोज पोद्दार ने बताया कि एयरलाइन ने रिशेड्यूलिंग की कोई उचित व्यवस्था नहीं की और न ही खाने-पीने का इंतजाम किया. सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक इंतजार के बाद भी कोई मदद नहीं मिली.
"कंपनी के द्वारा हमें बताया गया कि DGCA की तरफ से रिशेड्यूल की कोई जबाबदेही नहीं होती है. हम लोगों के कोई खाने-पिने की कोई व्यवस्था भी नहीं की गई. मेरी सुबह 10 बजे से रात के 8 बजे तक कोई सुनने वाला नहीं है. ये मनमानी करते हुए कहते है 1 या 2 जनवरी की टिकट देंगे."-मनोज पोद्दार, यात्री
एयरलाइंस पर मनमानी का आरोप: एक अन्य यात्री अभिषेक कुमार ने कहा कि फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी पहले दी जाती तो वैकल्पिक व्यवस्था कर घर लौट जाते. एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए कोई सुविधा नहीं प्रदान की. एयरपोर्ट डायरेक्टर के आने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला. यात्रियों ने डीजीसीए नियमों का हवाला देते हुए एयरलाइंस की लापरवाही पर सवाल उठाए.
"मेरी फ्लाइट कैंसिल कर दी गई है. लेकिन विमान कंपनी के द्वारा यात्रियों के लिए कोई भी व्यवस्था नहीं की गई है.अगर कैंसिल होने की जानकारी पहले कंपनी वाले दे देते तो कोई दूसरी व्यवस्था करके मैं अपने घर चले जाता."-अभिषेक कुमार, यात्री
इंडिगो की हैदराबाद-दरभंगा उड़ान कोलकाता डायवर्ट: शुक्रवार को हैदराबाद से दरभंगा आ रही इंडिगो की उड़ान को खराब मौसम के कारण कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया. इंडिगो अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित हैदराबाद वापस भेजा गया और वैकल्पिक व्यवस्था की गई. कोलकाता एयरपोर्ट पर कुछ यात्रियों ने हंगामा भी किया.
एयरपोर्ट प्रबंधन की यात्रियों से अपील: दरभंगा एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों से शांति बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की है. घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम होने से उड़ानें प्रभावित हो रही है. एयरलाइंस ने भी यात्रियों को फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सलाह दी है. मौसम सुधार तक यह स्थिति जारी रहने की संभावना है.
ये भी पढ़ें-
पटना एयरपोर्ट पर कोहरे का कहर, 10 फ्लाइट रद्द, 33 ने देरी से भरी उड़ान
खौफ इसे कहते हैं.. एयर इंडिया की फ्लाइट फिर भी 6 घंटे पहले एयरपोर्ट पर पहुंच रहे यात्री

