शामली एनकाउंटर पर सियासत, बीजेपी नेता संगीत सोम का अखिलेश यादव को जवाब, बोले- जातियों में बांटना चाहते हैं सपा प्रमुख
संगीत सोम ने कहा कि सपा प्रमुख अंकित बालियान के हत्यारों के एनकाउंटर से परेशान हैं. उन्हें हत्यारों के एनकाउंटर का दुख है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 31, 2026 at 7:33 PM IST
|Updated : August 31, 2026 at 8:06 PM IST
मेरठ : यूपी की सियासत में शामली एनकाउंटर तूल पकड़ता जा रहा है. अखिलेश यादव की टिप्पणी पर बीजेपी नेता लगातार हमलावर हैं. अब बीजेपी के पूर्व विधायक संगीत सोम ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर सियासी हमला किया है. संगीत सोम ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान के हत्यारों के एनकाउंटर से परेशान हैं. अखिलेश यादव को अंकित की हत्या का दुख नहीं है, हत्यारों के एनकाउंटर का दुख है.
उन्होंने कहा कि मैं खुद रविवार को पीड़ित परिवार के बीच शामली गया था. पूरा भाजपा परिवार अंकित बालियान के परिवार के साथ खड़ा है. कल तक अखिलेश यादव अंकित बालियान की हत्या पर सवाल उठा रहे थे. अब जब पुलिस ने हत्यारों का एनकाउंटर कर दिया है तो दुखी हैं. समाजवादी पार्टी के मुखिया फिर से अपनी पुरानी फॉर्म में लौट आए हैं.
संगीत सोम ने कहा कि अखिलेश यादव नहीं चाहते कि यूपी में गुंडे-माफिया का सफाया हो, यूपी में न्याय हो. अखिलेश यादव नहीं चाहते कि किसी भी कीमत पर यहां लोग मिलजुल कर रहें. वह लोगों को जातियों में बांटना चाहते हैं. आज उन्होंने एनकाउंटर पर सवाल उठाकर अपने घिनौनी मानसिकता को दर्शा दिया है कि वह किसी भी कीमत पर अंकित बालियान को मारने वालों के मरने से खुश नहीं हैं.
संगीत सोम ने कहा कि कभी पुलिस फोर्स को जाति में बांटने का उन्होंने काम किया, तो कभी जाटों को अलग करने की बात करते हैं. कभी ठाकुरों को अलग करने की कोशिश करते हैं. आज उन्होंने STF को सजातीय टॉर्चर फ़ोर्स कहा है. मैं पूछना चाहता हूं कि आपके राज में एसपी से लेकर डीएसपी और सीओ तक की हत्याएं हुई थीं, क्या उन्हें आज तक न्याय मिला.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासन में अंकित बालियान के परिवार को 4 दिन में न्याय देने का काम किया है, हम फिर कहते हैं अपराधी जिस तरह से ठोके गए हैं, आने वाले दिनों में भी इसी तरह से ठोके जाएंगे कोई अपराधी नहीं बचेगा. अखिलेश कभी अतीक के साथ खड़े होते थे और कभी मुख्तार के साथ खड़े होते थे, अब वह अंकित बालियान के हत्यारों के साथ खड़े हो गए हैं.
अखिलेश यादव को जाति की बात नहीं करनी चाहिए, PDA बनाकर लोगों को ठगना चाहते हैं, क्योंकि सबसे अधिक जातिवादी वे ही हैं. आज खुद घर में ही 6 सांसद लेकर बैठे हैं. पार्टी के हर बड़े पद पर उनके ही लोग बैठे हैं. PDA का फूलफॉर्म "पापी डकैत अपराधी" होना चाहिए. PDA पापी, डकैत, अपराधियों का एक गठबंधन है, जनता इन्हें सबक सिखाएगी.
यह भी पढ़ें : मेरठ में नशीली दवाओं के नेटवर्क का खुलासा, हिरासत में मास्टरमाइंड, बागपत में मरीजों को छोड़कर भागा झोलाछाप

