जर्जर सड़क पर सियासत : पवन साय फंसे तो शुरु हुई मरम्मत, टीएस सिंहदेव बोले एक व्यक्ति के लिए तंत्र फासीवाद का नमूना
अंबिकापुर में इन दिनों जर्जर सड़क और उसकी मरम्मत को लेकर सियासत देखने को मिल रही है. देशदीपक गुप्ता की रिपोर्ट

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 22, 2026 at 12:50 PM IST
सरगुजा : अंबिकापुर में जर्जर सड़कों को लेकर अब सियासत तेज हो चुकी है. आपको बता दें कि राष्ट्रीय राजमार्ग 43 में पहले लोग गड्ढों और कीचड़ से परेशान थे.इस बारे में पिछले 4 साल से लोग आवाज बुलंद कर रहे हैं,लेकिन किसी के कान में जूं तक नहीं रेंगी.लेकिन जैसे ही बीजेपी के संगठन मंत्री पवन साय की गाड़ी इस सड़क पर फंसी वैसे ही उनका पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया.उन्होंने सड़क को लेकर प्रशासन और मंत्रियों को फोन लगाकर अपनी नाराजगी जाहिर की. इसके बाद सड़क मरम्मत का काम शुरू किया गया.
फासिस्टवादी विचारधारा का नमूना
वहीं रोड की मरम्मत को लेकर पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने इस घटना को फासीवाद बताया. सड़क मरम्मत को लेकर प्रशासनिक सक्रियता पर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भाजपा सरकार पर तीखा तंज कसा है. सिंहदेव ने इसे व्यक्तिवादी और फासिस्टवादी विचारधारा का प्रमाण बताया है.

यह व्यक्तिवादी और फासिस्टवादी विचारधारा का प्रमाण है. आम आदमी को लंबे समय से सड़क की जर्जर हालत के कारण तकलीफ हो रही है, लेकिन जब एक व्यक्ति को परेशानी हुई तो फरमान जारी हो गया- टीएस सिंहदेव, पूर्व डिप्टी सीएम
बीजेपी ने सिंहदेव के बयान को बताया निजी विचार
वहीं इस मामले में बीजेपी जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि उनके कहने पर हम लोगों को कुछ कहना नहीं है, सड़क की समस्या गहरी है लेकिन इसका एक तकनीकी कारण है. वो क्षेत्र नया विकसित हुआ है, जिस कारण वहां जल निकासी की समस्या है. निकासी की व्यवस्था करने में जनता की नाराजगी भी सामने आती है.
तीन अलग-अलग स्थानों पर कुल साढ़े चार किलोमीटर की सड़क जर्जर है. सड़क स्वीकृत है, संगठन मंत्री जी के कहने के बाद हम लोगों को और हिम्मत मिली है. फौरी राहत भी लोगों को मिल जाएगी.सड़क भी जल्द बनेगी.हम टीएस सिंहदेव जी से पूछेंगे कि हम कैसे फासीवादी हुए- भारत सिंह सिसोदिया,बीजेपी जिलाध्यक्ष

फटकार के बाद मरम्मत का लेप
आपको बता दें कि बीजेपी के संगठन मंत्री पवन साय की गाड़ी अंबिकापुर के दरिमा रोड की जर्जर सड़क में फंस गई. सड़क की हालत को लेकर पवन साय ने नाराजगी जताई और भाजपा नेताओं, मंत्रियों एवं अधिकारियों को फटकार भी लगाई. इसके बाद सड़क की मरम्मत को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तेजी देखने को मिली. आनन फानन में भाजपा नेता और अधिकारीयों की टीम मौके पर पहुंची और सड़क मरम्मत का काम शुरु किया गया.
अंबिकापुर की जर्जर सड़क और फिर फटकार के बाद मरम्मत को लेकर सिंहदेव के इस बयान के बाद सियासत तेज हो गई है. अब देखना होगा की दरिमा रोड समेत शहर और आसपास की खराब सड़कों की मरम्मत को लेकर प्रशासन कितनी तेजी से काम करता है.
कॉमर्स टीचर से स्टूडेंट ने ठगे 1.59 करोड़, क्रिप्टो करेंसी में मुनाफे का झांसा
कोविड 19 में स्वास्थ्य सेवा देने वाली अभ्यर्थी को दिया जाए 10 बोनस अंक-छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट

