पुलिस थाने में चूहे द्वारा गांजा खाने के मामले को लेकर बाबूलाल मरांडी ने उठाए सवाल, कांग्रेस की ओर मिला ये जवाब
रांची के ओरमांझी थाना में चूहे द्वारा गांजा खाए जाने के मामले को लेकर बाबूलाल मरांडी ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं.

Published : December 29, 2025 at 8:43 PM IST
रांची: राजधानी रांची के ओरमांझी थाने के मालखाने में रखे गए 200 किलो गांजा चूहे द्वारा खा जाने के मामले पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिस पर सवाल उठाए. जिसके बाद कांग्रेस की ओर से बाबूलाल मरांडी पर कटाक्ष किया गया है.
गौरतलब हो कि रांची जिले के ओरमांझी थाना के मालखाने में पुलिस की निगरानी में रखे करीब एक करोड़ के गांजा को चूहे द्वारा खाने के मामले को बाबूलाल मरांडी ने हास्यास्पद बताया. उन्होंने कहा कि "चूहा गांजा पिया होगा तो उसको नशा भी आया होगा." उन्होंने आगे कहा कि यह बहुत हास्यास्पद है, इसमें बड़ा लोचा है. झारखंड की पुलिस के बारे में कुछ भी कहना कठिन है. पुलिस की कार्यव्यवस्था के लिए सीएम और पुलिस के आला अधिकारी को मैंने लिखा था. अब यह देखते हैं कि इस मामले में प्राथमिकी होती है या नहीं.
बाबूलाल मरांडी बताएं उस चूहे का नाम - कांग्रेस
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि बाबूलाल मरांडी जिस चूहे का जिक्र अपने बयानों में कर रहे हैं, उसका नाम और पता भी उनको बताना चाहिए. राकेश सिन्हा ने कहा कि अगर बाबूलाल मरांडी को उस चूहे का नाम पता नहीं मालूम है तो वह अपने कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू से पूछ कर ही बता दें. वे उसी इलाके से आते हैं.
कांग्रेस नेता ने कहा कि बिहार में भाजपा-जदयू की सरकार में चूहा दारू पी चुका है, यहां भी रघुवर दास के शासनकाल में डैम को चूहा कुतरता रहा है, ऐसे में इस बार जब चूहा गांजा खाया है तो बाबूलाल मरांडी को जरूर पता होगा कि किस चूहे ने गांजा खाया है. अगर वह प्राथमिकी दर्ज कराते हैं तो जरूर रांची पुलिस कार्रवाई करेगी.
क्या है पूरा मामला
मामला 17 जनवरी 2022 का है, ओरमांझी थाना पुलिस को सूचना मिली थी सफेद गाड़ी में भारी मात्रा में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है. इस मामले में पुलिस ने 200 किलो गांजा के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा था. इसी को लेकर राजनीति हो रही है.
यह भी पढ़ें:

