राहुल गांधी के दौरे की तैयारी तेज, अल्मोड़ा में 20 हजार से अधिक भीड़ जुटाने का लक्ष्य, भाजपा ने साधा निशाना
कांग्रेस के शीर्ष नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को लेकर सियासत तेज.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : May 31, 2026 at 9:20 AM IST
देहरादून: 4 जून को अल्मोड़ा में प्रस्तावित राहुल गांधी की रैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने 20 हजार लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है. इसको लेकर उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने मोर्चा संभाल लिया है. इधर हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तराखंड दौरे पर रहे. बीते दिन उन्होंने उत्तराखंड में शहीद दुर्गा मल्ल मंडल के बूथ संख्या 138 पर आयोजित बूथ समिति की बैठक में प्रतिभाग करके कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया. अब देखना होगा कि दोनों राष्ट्रीय पार्टियों भाजपा व कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं के उत्तराखंड दौरों से पार्टी कितना लाभ मिलता है.
इधर कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी अल्मोड़ा में विशाल रैली को संबोधित करने जा रहे हैं. रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी अपनी तैयारियों में जुटी हुई है. पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा देहरादून आकर कांग्रेस के सभी नेताओं के साथ राहुल गांधी के उत्तराखंड आगमन की तैयारी को लेकर बैठक करने जा रही हैं. कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि राहुल गांधी लंबे समय बाद उत्तराखंड आ रहे हैं, इसलिए उनकी अल्मोड़ा में विशाल रैली आयोजित होने जा रही है.
इसी तरह पौड़ी के रामलीला मैदान में राहुल गांधी का बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है. देहरादून में भी राहुल गांधी जन संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रहे हैं, यहां वह सीमित लोगों से भले ही मुलाकात करेंगे, उसके बावजूद देहरादून में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पार्टी के सभी पदाधिकारी शामिल होंगे. इधर राहुल गांधी के होने जा रहे उत्तराखंड दौरे पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कुंवर जपिंदर सिंह का कहना है कि कांग्रेस पार्टी के उत्तराखंड में सिर्फ दो ही लक्ष्य हैं, पहला लक्ष्य यह है कि कांग्रेस अपनी 70 सीटें किस-किस को बेचें, जिसका पहले ही पर्दाफाश हो चुका है. अब टिकट बेचने वाले दल और टिकट बेचने वालों नेताओं को सुनने के लिए कितने कार्यकर्ता आते हैं, यह देखने वाली बात होगी. हमें तो नहीं लगता कि देवभूमि उत्तराखंड के अंदर कांग्रेस का वर्चस्व बचा हुआ है.
गौर हो कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 4 जून को प्रस्तावित महारैली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. महारैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस संगठन जोर शोर पर जुटी हुई है.
पढ़ें-

