छत्तीसगढ़ में स्कूल नहीं शराब दुकान खुलवा रही साय सरकार: दीपक बैज
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने साय सरकार पर शराब को लेकर बड़ा हमला बोला है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 19, 2026 at 7:25 PM IST
राजनांदगांव: प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज ने आज भाजपा की साय सरकार पर तीखा हमला बोला है.उन्होंने सरकार की नीतियों को लेकर साफ तौर पर कहा है कि स्कूल नहीं शराब दुकान खुलवाने में साय सरकार ज्यादा रुचि ले रही है. उन्होंने जिले का उदाहरण देते हुए कहा कि 2 साल में दो स्कूल में नहीं खोल पाए लेकिन 6 शराब दुकान खोलने की तैयारी सरकार राजनांदगांव में कर रही है.
बीजेपी सरकार सरकारी स्कूलों को बंद कर रही
पीसीसी चीफ दीपक बैज का हमला यहीं नहीं रुका. उन्होंने साय सरकार पर सरकारी स्कूलों को बंद करने का आरोप लगाया है. दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने आरटीई कानून के तहत गरीब बच्चों को शिक्षा का अधिकार दिया था, लेकिन भाजपा की सरकार षड्यंत्र करके सरकारी स्कूलों को बंद कर रही है. दूसरी ओर लगातार गांव गांव शराब दुकान खोली जा रही है. इससे स्पष्ट है कि सरकार की नीति क्या है.
गांव में शराब दुकान खोलने में साय सरकार जुटी
दीपक बैज ने कहा कि गांव में शराब दुकान खुलवाने के लिए भाजपा सरकार एड़ी चोटी का जोर लगा रही है. वहीं गरीब बच्चों को शिक्षा से वंचित कर देश में अज्ञानता का माहौल पैदा करने के लिए काम कर रही है. केंद्र में जब कांग्रेस की सरकार थी, तो आम जनता को शिक्षा का अधिकार जैसा कानून दिया. जिसके तहत गरीब बच्चों को मुफ्त में शिक्षा देने का कानून बनाया.
राज्य की भाजपा सरकार शिक्षा के अधिकार कानून को कमजोर करने में लगी है. राज्य में 67 शराब दुकान खोलने की तैयारी में सरकार है. शिक्षा के अधिकार कानून को कमजोर करके सरकारी स्कूलों को लगातार बंद किया जा रहा है- दीपक बैज, पीसीसी चीफ
रमन सिंह पर दीपक बैज का हमला
दीपक बैज ने विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह पर भी तीखा वार किया है. उन्होंने कहा कि रमन सिंह ने अपने विधानसभा क्षेत्र में संचालित शराब दुकानों को बढ़ाकर 10 की संख्या में ला लिया है. जबकि दूसरी ओर दो स्कूल भी खोलने में उन्होंने रुचि नहीं दिखाई है. राजनांदगांव जिले को संभाग का दर्जा मिलना चाहिए. इस दिशा में रमन सिंह सार्थक प्रयास ही नहीं कर रहे हैं.
कुर्मी समाज के कार्यक्रम में शामिल हुए दीपक बैज
दीपक बैज जंगलेसर में कुर्मी समाज की ओर से आयोजित शिवाजी की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को संबोधित किया. दीपक बैज ने राजनांदगांव के दौरे में लगातार साय सरकार पर निशाना साधा है. अब देखना होगा कि दीपक बैज के आरोपों पर बीजेपी क्या कहती है.

