ETV Bharat / state

झारखंड बजट 2026-2027: सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं की क्या हैं उम्मीदें, जानें किसने क्या कहा

झारखंड बजट 2026-27 कैसा होगा इसे लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने अपनी बातें रखी हैं. खबर में जानें किसने क्या कहा.

Politicians On Jharkhand Budget
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, भाजपा विधायक डॉ. नीरा यादव, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और मंत्री सुदिव्य कुमार. (कोलाज इमेज-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 22, 2026 at 5:19 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: 24 फरवरी को झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए झारखंड का बजट सदन के पटल पर प्रस्तुत करेंगे. इस बार झारखंड का बजट कैसा होगा, किस-किस सेक्टर पर बजट में ज्यादा ध्यान केंद्रित होगा इस पर ईटीवी भारत ने राज्य के सत्ताधारी-विपक्षी दलों के विधायकों, मंत्रियों और सांसदों की राय जानने की कोशिश की.

बजट से कोई उम्मीद नहीं- डॉ. नीरा यादव

पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक डॉ. नीरा यादव ने उम्मीद जताई कि अगर पिछले छह वर्षों के कार्यकाल से सरकार ने सीख लिया होगा तो इस बार बेहतर, जनकल्याकारी और विकासशील बजट पेश करेगी, अन्यथा इस बजट से कोई उम्मीद नहीं रखनी चाहिए.

भाजपा विधायक डॉ. नीरा यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, मंत्री सुदिव्य कुमार व वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर का बयान. (वीडियो-ईटीवी भारत)

वित्तीय अनियमितता की वजह से उम्मीद नहींः आदित्य साहू

वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने बजट पर अपनी बात रखने से पहले कहा कि सवाल यह होना चाहिए कि पिछली बार जो बजट सरकार ने पेश किया था, जिन योजनाओं के लिए राशि रखी गई थी उसकी धरातल पर क्या स्थिति है. आदित्य साहू ने कहा कि हेमंत सरकार में राज्य में काफी वित्तीय अनियमितता हुई है. कहीं कोई काम नहीं हुआ है, अब तो ऐसा सुनने में आ रहा है कि करीब 10 हजार करोड़ का हिसाब नहीं मिल रहा है.

लोगों की बेहतरी वाला बजट होगा- दीपिका पांडेय सिंह

मंगलवार 24 फरवरी को सदन के पटल पर प्रस्तुत किए जाने वाले बजट को लेकर राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि इस बार का बजट लोगों की बेहतरी वाला बजट होगा. उन्होंने कहा कि जब वित्त मंत्री बजट पेश करेंगे, तब उसका विश्लेषण करने पर आप कहेंगे कि जिस मकसद से झारखंड राज्य बना है वह पूरा हुआ. उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा वाला बजट होगा.

जन आकांक्षाओं के अनुरूप होगा बजट-सुदिव्य कुमार

राज्य के शहरी विकास एवं उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि निश्चित रूप से इस बार का राज्य बजट झारखंड वासियों के जन आकांक्षाओं को पूरा करने वाला बजट होगा. सुदिव्य कुमार सोनू ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि इस बार का बजट हाथी उड़ाने वाला नहीं, बल्कि धरातल पर उतर कर जनता की उम्मीदों को पूरा करने वाला होगा.

पिछली बार से दो कदम आगे बढ़ेंगे- वित्त मंत्री

इस बार झारखंड का बजट कैसा होगा, इस सवाल के जवाब में राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि पहले जहां से चले थे, उससे दो कदम आगे बढ़ेंगे. हम मोदी जी की तरह लांग जंप करने नहीं जा रहे हैं. हमारे पास राज्य के विकास के लिए विजन भी है और बजट की राशि खर्च करने का आइडिया भी है. राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि जब हमारा बजट 31 मार्च के पहले स्वीकृत हो जाता है तो योजनाओं के ऊपर स्टीमेट बनाने का काम अप्रैल से शुरू हो जाना चाहिए, ताकि 07 मई तक योजनाओं की राशि संबंधित विभागों-जिलों तक पहुंच जाए.

ये भी पढ़ें-

जानिए, कैसा बजट चाहते हैं झामुमो और कांग्रेस के नेता! जेपीसीसी अध्यक्ष ने दी ये राय

झारखंड बजट पर चैंबर के कई सुझावः निवेश, पर्यटन सहित कई विषयों पर सौंपा लिखित उपाय

अबुआ दिशोम बजट 2026-27 की तैयारीः इन क्षेत्रों में विकास पर सरकार का जोर