नारायणपुर में सियासी संग्राम: एपस्टीन फाइल और किसान नीति पर कांग्रेस का हल्लाबोल, भाजयुमो ने नारों से दिया जवाब
एपस्टीन फाइल और किसान नीति पर कांग्रेस और भाजयुमो प्रदर्शन के दौरान आमने सामने हो गए.दोनों ओर से आरोप प्रत्यारोप का दौर चला.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 25, 2026 at 6:49 PM IST
नारायणपुर : छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में राजनीतिक ड्रामा देखने को मिला. एपस्टीन फाइल में कथित नाम और किसान विरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की. हालांकि, भारी पुलिस बल और बैरिकेड्स के कारण कांग्रेसी कार्यकर्ता कार्यालय तक तो नहीं पहुंच पाए, लेकिन बीच सड़क पर ही प्रधानमंत्री का पुतला फूंक कर अपना विरोध दर्ज कराया. इस प्रदर्शन की सबसे खास बात ये रही कि पहली बार बीजेपी युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने 'विरोध का जवाब विरोध' से देते हुए कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे घंटों तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा.
बीच सड़क पर हुआ पुतला दहन
कांग्रेस के युवा नेता और कार्यकर्ता केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ लामबंद होकर निकले थे. उनका मुख्य आरोप था कि केंद्र सरकार ने 'किसान विरोधी डील' को मंजूरी दी है.वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित 'एपस्टीन फाइल' में प्रधानमंत्री का नाम आने से देश की छवि धूमिल हुई है. पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए मुख्य मार्ग पर ही मजबूत बैरिकेडिंग कर दी थी. घेराव में असफल होने के बाद कांग्रेसियों ने पुलिस की मौजूदगी में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया.

नारों के बीच छिड़ा 'वॉइस वॉर'
नारायणपुर की राजनीति में आज एक नई परंपरा की शुरुआत दिखी.जहां आमतौर पर विपक्षी प्रदर्शन के दौरान सत्ता पक्ष मौन रहता है, वहीं आज भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मोर्चा संभाल लिया. जैसे ही कांग्रेस ने प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए, दूसरी ओर से भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी.

दोनों पक्षों के तीखे आरोप
प्रदर्शन के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर आरोप प्रत्यारोप का दौर चला. एक तरफ कांग्रेस कार्यकर्ता पीएम मोदी समेत केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगा रही थी,तो दूसरी तरफ भाजयुमो ने भी कांग्रेस नेताओं को लेकर टीका टिप्पणी की.
भाजयुमो ने शोर मचाकर लोकतांत्रिक आवाज को दबाने की कोशिश की है.यह उनकी ओछी और दमनकारी मानसिकता को दर्शाता है. भारी पुलिस बल के बावजूद हमने पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया है- विजय सलाम, NSUI जिला अध्यक्ष
इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि "कांग्रेस केवल जनता को बरगलाने का काम कर रही है। हमने विरोध के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्यों का उल्लेख किया और कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश किया- परमानंद नाग,भाजयुमो जिला अध्यक्ष
पुलिस को करनी पड़ी कड़ी मशक्कत
दोनों तरफ से युवा कार्यकर्ताओं के उग्र तेवर और लगातार हो रही नारेबाजी के कारण स्थिति बिगड़ती दिखी. माहौल इतना गर्म था कि पुलिस प्रशासन को व्यवस्था बनाए रखने और कार्यकर्ताओं को शांत कराने में काफी पसीना बहाना पड़ा. काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस की सूझबूझ से मामला शांत हुआ.
आपको बता दें कि नारायणपुर जिले के राजनीतिक इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब किसी प्रदर्शन का जवाब उसी आक्रामकता के साथ सड़क पर उतरकर दिया गया हो. जहां कांग्रेस इसे अपनी जीत मान रही है कि उन्होंने पुलिस के घेरे के बावजूद पुतला दहन किया, वहीं भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि अब वे विरोध का जवाब चुप रहकर नहीं बल्कि पलटवार करके देंगे.
दुर्ग पुलिस ने झपटमारी और ब्लेड से हमला करने के मामले का किया खुलासा, आरोपियों का निकाला जुलूस
खारुन नदी में गंदा जल मिलने का मुद्दा, राजेश मूणत ने एसटीपी निर्माण पर उठाए सवाल, सरकार बोली पूरी क्षमता से कर रहा काम
छत्तीसगढ़ विधानसभा में जल जीवन मिशन पर हंगामा, संगीता सिन्हा ने मंत्री अरुण साव से पूछे सवाल

