मुंबई डांस पार्टी विवाद, चैंपियन ने की गोदियाल की तारीफ, महेंद्र भट्ट ने कर डाली मुलाकात, निकले कई मायने
प्रणव चैंपियन ने की गणेश गोदियाल की तारीफ, बीजेपी ने कभी किया था किनारा,अब बढ़ाई नजदीकियां, नेता हाथ से निकलने का डर या कुछ और...

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : March 1, 2026 at 6:00 PM IST
देहरादून: मुंबई डांस पार्टी विवाद में पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को लपेटा तो गणेश गोदियाल ने भी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का नाम खोल दिया. जिससे सियासी पारा चढ़ गया. मामले ने तूल पकड़ा तो चैंपियन ने गोदियाल की तारीफ कर डाली. उधर, महेंद्र भट्ट भी प्रणव चैंपियन से मिलने पहुंच गए. ऐसे में इस मुलाकात के बाद कुछ अलग ही रुख देखने को मिला.
अपने बयानों और कारनामों से चर्चाओं में रहने वाले बीजेपी के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन हाल में ही फिर से सुर्खियों में आए. खानपुर से वर्तमान विधायक उमेश कुमार से विवाद के बीच उन्होंने 24 साल पुराने मुंबई डांस पार्टी का मामला उछाल दिया. जिसके चलते एक बार फिर से सियासी खलबली मच गई. ऐसा नहीं है कि प्रणव चैंपियन पहली बार इस तरह के बयान दे रहे हों या कारनामे कर रहे हों. इससे पहले भी कई मतर्बा उनको लेकर विवाद हो चुका है.
साल 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें नहीं बल्कि, उनकी पत्नी को विधानसभा का प्रत्याशी बनाया था. हालांकि, वो हार गईं थीं. इतना ही नहीं खानपुर विधायक उमेश कुमार के कार्यालय पर फायरिंग से लेकर हाथ में शराब और असलहा लेकर चैंपियन नाचते हुए भी देखे गए. अपने इन्हीं कारणों के चलते प्रणव चैंपियन बीजेपी से 6 सालों के लिए निष्कासित भी हुए. हालांकि, बाद में कुछ सालों बाद निष्कासन वापस ले लिया गया.
बयानों से असहज होने वाली बीजेपी का चैंपियन पर दिखा दुलार: वहीं, लगातार उनके बयानों से असहज होने वाली बीजेपी का अब अचानक से प्रणव चैंपियन के प्रति बेहद दुलार देखने को मिला है. खास बात ये है कि ऐसा तब हुआ है, जब खानपुर से पूर्व बीजेपी विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की जमकर तारीफ की.
दरअसल, बीते दिनों जब कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का एक विवादित वीडियो सामने आने पर कांग्रेस ने बीजेपी नेता होने की वजह से प्रणव चैंपियन को घेरने की कोशिश की, लेकिन प्रणव चैंपियन ने कांग्रेस की ही पोल खोलते हुए साल 2004 में मुंबई में हुई एक पार्टी का जिक्र करते हुए गणेश गोदियाल पर पलटवार कर दिया. उन्होंने कहा था कि उस पार्टी में कई विधायकों के साथ गणेश गोदियाल भी शामिल थे.

इतना ही नहीं उन्होंने इस पार्टी को डांस पार्टी से जोड़कर बयान दिया था. उधर, पलटवार में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इसी पार्टी में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के होने का भी खुलासा किया. इसके बाद यह मामला काफी ज्यादा चर्चाओं में आ गया. क्योंकि, प्रदेश के दोनों बड़े राजनीतिक दलों के प्रदेश अध्यक्षों से यह मामला जुड़ा हुआ था, जिससे यह मामला चर्चाओं का विषय बन गया.
पहले नाम घसीटा, बाद में गणेश गोदियाल को बताया शरीफ: वहीं, दोनों मुख्य राजनीतिक दलों के अध्यक्षों का मुंबई पार्टी से नाम जुड़ने के बाद प्रणव चैंपियन का एक और बयान सामने आया. जिसमें उन्होंने गणेश गोदियाल पर नरमी बरती और उन्हें शरीफ बता दिया. उनका कहना था कि गणेश गोदियाल तो बेहद अच्छे आदमी हैं. उन्होंने कुछ गलत नहीं किया, बल्कि उल्टा उनसे पार्टी मांगी गई थी. इस तरह से उन्होंने अपने बयान से गोदियाल की काफी तारीफ की और कांग्रेस, चैंपियन की इस तारीफ से भी फूले नहीं समा रही थी.
प्रणव चैंपियन पर अचानक दिखा बीजेपी का दुलार: उधर, दूसरी तरफ नाम क्योंकि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का भी आया था तो उनसे भी सवाल पूछे जाने लगे. जिसका कोई स्पष्ट जवाब महेंद्र भट्ट की ओर से नहीं आया, लेकिन कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल का तारीफ करने के बाद बीजेपी का कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के प्रति अचानक अत्यधिक प्यार देखने को मिला.
कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के घर पहुंचे महेंद्र भट्ट: प्रणव चैंपियन ने जैसे ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की तारीफ की और उन्हें भला आदमी बताया. वैसे ही पब्लिक में इस बात की चर्चा हुई कि गणेश गोदियाल और प्रणव चैंपियन के अच्छे संबंध हैं. ऐसे में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट अचानक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के घर पहुंच गए. जिसकी जानकरी चैंपियन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भी दी.
" अश्वत्थामा हतः इति नरो वा कुंजरो वा " pic.twitter.com/F3sMUiTSPv
— Ganesh Godiyal (@UKGaneshGodiyal) February 25, 2026
गणेश गोदियाल की तारीफ करने पर प्रणव चैंपियन पर क्या बोले महेंद्र भट्ट? लिहाजा, जिस नेता पर बोलने से बीजेपी हमेशा बचती हुई नजर आती थी, उसी नेता के प्रति अचानक इतना प्यार दर्शाने की क्या वजहें थी? इसको लेकर जब महेंद्र भट्ट से पूछा गया तो उन्होंने जवाब कुछ इस तरह से दिया.

"कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन हमारे नेता हैं और वो कभी कांग्रेस की तारीफ नहीं कर सकते हैं. यदि चैंपियन, कांग्रेस की तारीफ कर रहे हैं तो वो भी एक रहस्य है, आखिर वो चैंपियन हैं."- महेंद्र भट्ट, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष
कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के घर क्यों गए महेंद्र भट्ट? बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से जब ये पूछा गया कि अचानक वो प्रणव चैंपियन के घर कैसे पहुंच गए? इस सवाल के जवाब में उन्होंने इसे औपचारिक मुलाकात बता दिया.
"कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की धर्मपत्नी हमारी विधानसभा प्रत्याशी रहीं हैं. उन्होंने ही हमसे संपर्क किया था. जिसके बाद मैं उनके घर पर गया. आखिरी कार्यसमिति की बैठक में वो आ नहीं पाईं थीं और उनसे मुलाकात नहीं हो पाई थी. यह एक औपचारिक मुलाकात थी."- महेंद्र भट्ट, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष
इस तरह से उन्होंने इसे एक औपचारिक मुलाकात बताया, लेकिन चर्चाएं इस बात की भी है कि चैंपियन के रूप में क्या बीजेपी को अपना एक मजबूत व्यक्ति कांग्रेस के नजदीक जाने का डर सता रहा है या फिर मुंबई पार्टी से जुड़ी भी कोई और विवाद है? सवाल उठाए जा रहे हैं कि आखिर इतना बदलाव कैसे? जिससे कभी किनारा कर लिया जाता था, उससे मुलाकातें की जा रही है.
ये भी पढ़ें-
- वीडियो से शुरू विवाद 24 साल पुरानी मुंबई पार्टी तक पहुंचा, चैंपियन-उमेश झगड़े में गोदियाल-भट्ट भी पिसे
- मुंबई डांस पार्टी कंट्रोवर्सी: चैंपियन की लगाई 'आग' कांग्रेस से बीजेपी तक पहुंची, गोदियाल के बयान पर भड़के महेंद्र भट्ट
- मुंबई वाली पार्टी का सच क्या? गणेश गोदियाल ने सुनाया पूरा किस्सा, क्लिक कर जानिए
- उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले BJP में अपने ही नेता बन रहे सिरदर्द, त्रिवेंद्र बोले- अनुशासन की कमी

