ETV Bharat / state

मसूरी बैरियर तोड़ने मामले की शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस, पड़ताल की तेज

मसूरी बैरियर तोड़ने मामला में शिकायत मिलने के बाद पुलिस सख्त हो गई है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है.

Mussoorie Barrier Breaking Incident
मसूरी बैरियर तोड़ने मामला (Photo-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : January 2, 2026 at 9:15 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

मसूरी: नए साल का जश्न मनाने मसूरी पहुंचे कुछ युवकों ने कानून व्यवस्था की खुली अवहेलना करते हुए माल रोड पर लगे बैरियर को कार से तोड़ दिया गया. यह पूरी सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, आरोपी युवकों ने खुद इसका वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर भी वायरल कर दिया. मामले का संज्ञान लेते हुए मसूरी नगर पालिका और पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है. मामले की शिकायत पुलिस से की है, जिसके बाद पुलिस ने पड़ताल तेज कर दी है.

जानकारी के अनुसार, नए साल की रात कुछ युवक एक कार में सवार होकर माल रोड पहुंचे, नियमों के अनुसार वाहनों को बैरियर पर रोका जा रहा था, लेकिन इन युवकों ने बैरियर पर तैनात कर्मियों की अनदेखी करते हुए कार नहीं रोकी और तेज रफ्तार में बैरियर तोड़ते हुए आगे निकल गए. बताया जा रहा है कि इसी तरह कुछ अन्य वाहनों ने भी बैरियर तोड़ने की कोशिश की.

हैरानी की बात यह रही कि युवकों ने बैरियर तोड़ने की घटना का वीडियो अपने इंस्टाग्राम पेज पर साझा कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया. वीडियो में साफ तौर पर पिक्चर पैलेस के पास लगे माल रोड बैरियर को क्षतिग्रस्त होते देखा जा सकता है. मसूरी नगर पालिका के सहायक अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि बैरियर तोड़ने की घटना गंभीर है. सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर मसूरी कोतवाली में शिकायत दर्ज करा दी गई है. दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है.

मसूरी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. कोतवाल मनोज जैसवाल ने बताया कि संबंधित वाहन का नंबर ‘अप्लाइड फॉर’ था, फिर भी तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन और युवकों की पहचान की जा रही है. साथ ही इंस्टाग्राम पेज की आईडी की भी जांच की जा रही है, जिससे आरोपियों तक पहुंचा जा सके. उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्यटन नगरी मसूरी में इस तरह की अराजकता और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि नए साल का जश्न जिम्मेदारी और नियमों के दायरे में मनाएं. मसूरी जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले पर्यटन स्थल पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे.

पढ़ें-नियमों को ताक पर रखकर संचालित वाहनों पर परिवहन विभाग का एक्शन, हजारों गाड़ियों के काटे चालान