हिसार में पुलिस पर हमला, मकान पर कब्जा छुड़वाने गई टीम पर पथराव, शख्स ने खुद को लगाई आग
Police team attacked in Hisar: हिसार की राम विहार कॉलोनी में मकान का कब्जा छुड़ाने गई पुलिस की टीम पर लोगों ने पथराव किया.

Published : December 31, 2025 at 8:03 AM IST
|Updated : December 31, 2025 at 11:17 AM IST
हिसार: मंगलवार को हिसार की राम विहार कॉलोनी में मकान का कब्जा छुड़ाने गई पुलिस की टीम पर लोगों ने पथराव किया. जिसके चलते एक पुलिसकर्मी घायल हो गया. घायल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए हिसार के सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया. मामला तब ज्यादा सनसनीखेज हो गया, जब मकान खाली करने के दौरान राजेश नाम के व्यक्ति ने ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा ली. उसे भी उपचार के लिए हिसार के सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया है. घटना की सूचना मिलते ही हिसार एसपी शशांक कुमार मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया.
हिसार में पुलिस की टीम पर हमला: इस घटना में एक एएसआई घायल हुआ है. पुलिस की गाड़ी के शीशे भी टूटे हैं. बताया जा रहा है कि कोर्ट के आदेश पर पुलिस की टीम एक मकान का कब्जा छुड़वाने के लिए गई थी. गांव पहुंचने पर पुलिस की टीम ने मकान में रहे राजेश को भी सामान बाहर निकालने को कहा, तो राजेश विरोध करने लगा. इसके बाद पुलिस टीम मकान के अंदर चली गई और घर का सामान निकालना शुरू कर दिया.
मकान पर कब्जा खाली कराने पर विवाद: परिवार के लोग पुलिस का विरोध करने लगे. इस दौरान राजेश ने ज्वलनशील पदार्थ डाल कर आग लगा ली. पुलिस कर्मचारियों ने तुरंत पानी छिड़क कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक राजेश का चेहरा काफी झुलस गया. जिसके बाद राजेश को उपचार के लिए एंबुलेंस में हिसार के सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया. चिकित्सकों ने राजेश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया.
पुलिस की टीम पर पथराव: इसके बाद लोगों में गुस्सा फूट पड़ा. जिसके बाद पुलिस की टीम पर लोगों ने पथराव कर दिया. उग्र होती भीड़ को देखते हुए पुलिस की टीम पीछे हटी. तब जाकर मामला शांत हुआ.
क्या है पूरा मामला? जिस मकान को पुलिस खाली कराने आई, वो कृष्ण नाम के शख्स का बताया जा रहा है. राजेश करीब 15 साल से इस मकान में रह रहा था. राजेश की पत्नी जगीरो देवी आंगनवाड़ी में काम करती है. जगीरो ने कहा कि उन्होंने मकान मालिक कृष्ण को किस्तों में रुपये दिए थे, लेकिन कृष्ण ने उन्हें कोई डॉक्यूमेंट प्रूफ नहीं दिया. जबकि कृष्ण ने उन्हें किरदार बताया है. इसको लेकर हाई कोर्ट में याचिका दायर कर रखी है.
पुलिस की कार्रवाई जारी: एटीएम थाना प्रभारी ईश्वर ने बताया कि "दस से 12 लोगों ने पुलिस पर पथराव करके पुलिस कर्मचारियों को घायल किया है. घायलों को इलाज सामान्य अस्पताल में किया गया है. फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है."
ये भी पढ़ें- पुलिसकर्मी पति को महिला के साथ देख भड़की पत्नी, बाल खींचते हुए बीच सड़क की पिटाई

