रांची पुलिस के शिकंजे में अपराधी खालिद बंगाली, नामकुम फायरिंग केस में चल रहा था फरार
रांची में पुलिस ने नामकुम इलाके में हुई फायरिंग के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Published : June 28, 2026 at 4:52 PM IST
रांचीः जिला पुलिस ने शातिर अपराधी खालिद बंगाली को गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है. 10 जून को खालिद ने शमशेर नामक एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर दिया था और उसके बाद से फरार चल रहा था. गिरफ्तार अपराधी के पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किया गया है.
10 जून को की थी गोलीबारी
10 जून को रांची के नामकुम में अंजुमन इस्लामिया नूरिया महापंचायत के अध्यक्ष हाजी सऊद आलम के बेटे शमशेर पर फायरिंग करने वाला अपराधी खालिद बंगाली गिरफ्तार कर लिया गया है. रांची के हेडक्वार्टर डीएसपी-1 अमर पांडेय ने बताया कि पुलिस की टीम अड्डाबाजी की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची थी, जहां से खालिद पकड़ा गया.
असल में पुलिस को सूचना मिली थी कि नामकुम क्षेत्र में कुटियातु के पास स्थित 89-आर्मी ग्राउंड के पास कुछ अपराधकर्मी बैठकर अड्डाबाजी कर रहे हैं, साथ ही किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. इस सूचना के सत्यापन के बाद आवश्यक कार्रवाई के क्रम में जैसे ही छापामारी दल कुटियातु स्थित 89-आर्मी ग्राउन्ड पहुंची तो देखा गया कि 02 व्यक्ति पुलिस बल को देखकर अलग-अलग दिशा में दौड़कर भागने लगे.
पुलिस बल के द्वारा घेराबंदी की गई तथा खदेड़कर 01 व्यक्ति को पकड़ा गया, पर दूसरा व्यक्ति भागने में सफल रहा. पकड़ाये गये शख्स से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मो० खालिद उर्फ खालिद बंगाली उर्फ चूजा बताया. छापामारी दल द्वारा पकड़ाये व्यक्ति की विधिवत तलाशी लिये जाने पर उसकी कमर में खोसा हुआ 01 लोडेड देसी कट्टा बरामद हुआ एवं पहने हुए पैंट की जेब से एक जिंदा गोली बरामद किया गया. जिसे घटनास्थल पर सीलबंद करते हुए विधिवत जब्त किया गया तथा पकड़ाये व्यक्ति को विधिवत गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार अपराधी ने पूछताछ में बताया कि वह आर्म्स एक्ट, चोरी जैसे कांडों में संलिप्त आदतन अपराधी है और पूर्व में कई कांडों में अपने आपराधिक सहयोगी के साथ आरोप-पत्रित रहा है.
10 जून की वारदात में था शामिल
डीएसपी हेडक्वार्टर 1 ने बताया कि अपने स्वीकारोक्ति बयान में खालिद ने यह बताया है कि दिनांक-10.06. 26 को संध्या में नामकुम थानार्न्तगत सामलौंग स्थित अराफात अपॉर्टमेन्ट के पास पूर्व के आपसी रंजिश में मो० शमसेर आलम को गोली मारकर जख्मी कर दिया था और गिरफ्तारी से बचने के लिए भागा फिर रहा था.
जिस संबंध में इसके एवं अन्य सहयोगियों के विरूद्ध नामकुम थाना में कांड दर्ज किया जा चुका है. पूछताछ के क्रम में ज्ञात हुआ कि गिरफ्तार अपराधकर्मी मो० खालिद के द्वारा शमशेर एवं उसके पिता सउद आलम के साथ पूर्व के जमीनी विवाद चल रहा था. इसी वजह से उसने शमशेर पर फायरिंग की थी.
बता दें कि दिनांक-10.06.26 को सामलौंग में नामकुम में मो० शमशेर पर हुई गोलीबारी की घटना में संलिप्त अपराधकर्मी सद्दाम उर्फ टीपु और मो० ईरशाद आलम को पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है.
इसे भी पढ़ें- रांची में गोलीबारीः एक युवक को लगी गोली, आपसी विवाद में हुई फायरिंग
इसे भी पढ़ें- पलामू के मनातू और पांकी के सीएसपी में लूट, सीसीटीवी में हथियार लहराते हुए दिखे अपराधी
इसे भी पढ़ें- स्कूल में बैठकर करते थे साइबर ठगी, पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

