ETV Bharat / state

होली त्योहार को लेकर पुलिस हुई सख्त, 127 वाहन चालकों पर कार्रवाई, अवैध शराब बिक्री पर नकेल

बलौदाबाजार भाटापारा में होली के मद्देनजर पुलिस व्यवस्था कड़ी की गई.वहीं नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी हुई है.

Police held committee meetings in villages
होली त्यौहार को लेकर पुलिस हुई सख्त (ETV BHARAT CHHATTISGARH)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : February 28, 2026 at 8:30 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

बलौदाबाजार : होली का त्योहार नजदीक आते ही पूरे जिले में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस ने कमर कस ली है. रंग और उमंग के इस पर्व को शांतिपूर्ण बनाने के लिए प्रशासन ने साफ संकेत दे दिया है कि किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं होगी.बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने एक साथ कई स्तर पर कार्रवाई करते हुए असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी है. गुंडा और निगरानी बदमाशों को थानों में बुलाकर सख्त हिदायत दी गई, वहीं पूरे जिले में 19 महत्वपूर्ण स्थानों पर नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया.

लवन थाना में 29 बदमाशों की परेड

थाना लवन क्षेत्र में निवासरत गुंडा और निगरानी बदमाशों को थाने में तलब किया गया. कुल 29 बदमाशों की मौजूदगी में उन्हें साफ शब्दों में समझाया गया कि होली के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी की गई तो सीधे कठोर कार्रवाई होगी. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार की आड़ में हुड़दंग, शराबखोरी, जबरन रंग लगाना या सार्वजनिक शांति भंग करना किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा.

Action against those who install illegal silencer
अवैध साइलेंसर लगाने वाले पर कार्रवाई (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

गिधपुरी, सिमगा और करहीबाजार में शांति समिति की बैठक

होली को सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के लिए अलग-अलग थानों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं. थाना गिधपुरी में आयोजित बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों ने भाग लिया. बैठक में निर्णय लिया गया कि धार्मिक और सामाजिक भावनाओं का सम्मान करते हुए पर्व मनाया जाएगा.थाना सिमगा परिसर में हुई बैठक में पार्षद, सरपंच, कोटवार और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे.अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तेज लाउडस्पीकर, जबरन रंग डालना और शराब पीकर वाहन चलाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. करहीबाजार चौकी में भी शांति समिति की बैठक ली गई, जहां गांवों के सरपंच और गणमान्य नागरिकों ने सहयोग का भरोसा दिलाया.

Police held committee meetings in villages
गांवों में पुलिस ने ली समिति की बैठक (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

19 जगह नाकाबंदी, शाम से रात तक सघन चेकिंग

होली के मद्देनजर जिले के 19 महत्वपूर्ण स्थानों पर नाकाबंदी पॉइंट लगाए गए. बलौदाबाजार, पलारी, लवन, भाटापारा, पटपर भाटापारा, तिल्दा अंडरब्रिज चौक सिमगा, सुहेला तिगड्डा, हथबंद तिगड्डा, कसडोल, बस स्टैंड गिधौरी, सोनाखान, गिधपुरी और ग्राम बया समेत कई स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा. शाम से रात तक चली इस कार्रवाई में हर वाहन की बारीकी से जांच की गई. वाहन चालकों से यात्रा का उद्देश्य पूछा गया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई. इस दौरान 6 वाहन चालकों को शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए पकड़ा गया.

Police held committee meetings in villages
शांति समिति की बैठक (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

127 चालकों पर कार्रवाई और अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई

चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले 127 लोगों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई. बिना हेलमेट, बिना दस्तावेज, तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों को चालान थमाया गया.पुलिस का कहना है कि सड़क हादसों को रोकना भी इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है.अवैध रूप से शराब बिक्री करने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वाले 9 लोगों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया.उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है.पुलिस ने साफ किया है कि त्योहार के नाम पर नशे का खुला खेल नहीं चलने दिया जाएगा.

“त्रिनयन शिकायत हेल्प लाइन” से कार्रवाई तेज

पुलिस चौकी बया क्षेत्र में “त्रिनयन शिकायत हेल्प लाइन” के जरिए मिली सूचना पर एक वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की गई.मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज और फायरिंग जैसी ध्वनि निकालते हुए वाहन चलाने वाले चालक को पकड़कर 7000 रुपए का समन शुल्क वसूला गया. वाहन से मॉडिफाइड साइलेंसर भी हटवाया गया. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों के उल्लंघन की सूचना हेल्प लाइन नंबर 9479226641 पर दें.

कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को मिली बोनस राशि, सीएम साय ने वर्चुअली दिया होली गिफ्ट

बिलासपुर में किसान सम्मेलन, CM साय ने ट्रांसफर की 25.28 लाख किसानों को 10 हजार करोड़ से ज्यादा की राशि

अतिक्रमण ने रोका सुंदरगंज गांव का विकास, कब्जा हटाने गई टीम पर हुआ था हमला