ETV Bharat / state

संविदाकर्मी हत्या मामला: नशे में हुए था दोनों कर्मियों के बीच विवाद, कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर की हत्या

टांडा जंगल क्षेत्र में वन विभाग के संविदाकर्मी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

HALDWANI TANDA FOREST MURDER
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Photo-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : May 24, 2026 at 1:40 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी के पीपलपड़ाव जंगल क्षेत्र में संविदा वनकर्मी की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस ने आरोपी चौकीदार को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है. शराब के नशे में हुए विवाद के बाद आरोपी ने अपने साथी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी. पुलिस हत्या के बाद से ही आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी.

हल्द्वानी के टांडा क्षेत्र स्थित पीपलपड़ाव जंगल में वन विभाग के संविदाकर्मी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का पर्दाफाश किया. मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि 23 मई को भाखड़ा रेंज के प्लॉट संख्या-71 में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही एसपी सिटी, सीओ हल्द्वानी अमित सैनी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची.

पुलिस ने किया हत्या का खुलासा (Video-ETV Bharat)

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया और घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए गए. मृतक की पहचान मेवा लाल पुत्र हरी लाल निवासी कौशांबी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई, जो वन विभाग में रोपण रक्षक संविदा कर्मी के पद पर कार्यरत था. शुरुआती जांच में मौके पर मौजूद चौकीदार तिवारी सिंह के बयान संदिग्ध पाए गए. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली. आरोपी ने बताया कि घटना वाली रात वो और मेवा लाल साथ में शराब पी रहे थे.

इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई. विवाद बढ़ने पर तिवारी सिंह ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से मेवा लाल पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी तिवारी सिंह निवासी गूलरभोज, दिनेशपुर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

बता दें कि पुलिस की प्राथमिक जांच में इस निर्मम हत्या के पीछे आपसी विवाद या किसी पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही थी. मामले में पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर आरोपी तक पहुंचने में जुटी हुई थी.

पढ़ें-वन विभाग के संविदाकर्मी की कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या, पड़ताल में जुटी पुलिस