अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझाई, पूर्व सांसद के कर्मचारी की हत्या का खुलासा
सूरजपुर में पूर्व सांसद के खेत में काम करने वाले शख्स की हत्या का खुलासा पुलिस ने किया है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 20, 2026 at 3:22 PM IST
सूरजपुर : पूर्व सांसद के कर्मचारी की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है.कर्मचारी की हत्या उसकी पत्नी ने ही की थी. पुलिस के मुताबिक पति पत्नी के बीच शराब पीने के बाद अक्सर विवाद होता था. इसी विवाद के कारण हत्याकांड को अंजाम दिया गया.
क्या था मामला ?
आपको बता दें कि कोतवाली थाना क्षेत्र के डेडरी गांव में पूर्व दिवंगत सरगुजा सांसद मुरारी लाल सिंह के खेती का काम देखने वाले अधेड़ का शव मिला था. मृतक पन्ना राठिया रायगढ़ जिले का निवासी था. पन्ना पिछले 18 साल से पत्नी के साथ डेडरी गांव में ही रहकर खेतों में काम करने के साथ ट्रैक्टर चलाने का काम करता था. 15 फरवरी की शाम खेत में बने घर पर पन्ना राठिया का खून से लथपथ शव मिला था.
पत्नी ने दी थी सूचना
मृतक पन्ना की पत्नी मथुरा ने ही पुलिस को सूचना दी थी कि किसी ने उसके पति की हत्या की है. जहां जांच में जुटी पुलिस ने संदेह पर मृतक की पत्नी से पूछताछ की.पत्नी ने पूछताछ के दौरान पुलिस को अलग-अलग बयान दिए.पत्नी के बयान बदलने पर पुलिस को पहला शक उसी पर गया.इसके बाद जब पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर पत्नी से गंभीरता से पूछा तो उसने हत्या करने की बात कबूल ली.
मृतक पन्ना और उसकी पत्नी मथुरा दोनों ही शराबी प्रवृत्ति के थे. मृतक शराब पीने के बाद आए दिन विवाद करता था. ऐसे में घटना के दिन विवाद के बाद मौका देखकर मथुरा ने डंडे से सिर पर वार करके उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है- अभिषेक पैकरा, एसडीओपी
पुलिस ने हत्या की आरोपी पत्नी को गिरफ्तार करके जेल भेजा है. पुलिस की माने तो मृतक की पत्नी ने ही अपने पति की हत्या की थी.इसके बाद उसने पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से थाने में आकर जानकारी दी कि उसके पति की किसी ने हत्या कर दी है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए तो पहला शक पत्नी पर ही गया.इसलिए पत्नी से पूछताछ करने पर हत्या का खुलासा हो गया.
सूरजपुर में सड़क पर बर्थडे मनाने का मामला, 6 युवकों पर केस दर्ज, पुलिस की जांच जारी
नाबालिगों की मौत के बाद एनिकेट में लगा चेतावनी बोर्ड, सूरजपुर में ETV की खबर का असर
सूरजपुर में कोयले की गैस ने छीनी तीन जिंदगी, कमरे में सिगड़ी जलाकर सोना बना काल

