अवैध संबंध का नतीजा, प्रेमिका ने पति संग मिलकर आशिक की ली जान! शिकंजे में आए आरोपी
रांची में युवक की हत्या का खुलासा सोनाहातू की पुलिस ने कर दिया है.

Published : February 9, 2026 at 7:44 PM IST
रांचीः जिला के सोनाहातू थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. अवैध संबंध और प्रतिशोध की भावना में एक 25 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या कर दी गई. हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को कांची नदी किनारे झाड़ियों और दलदल में दबा दिया गया.
मृतक की पहचान डोमाडीह गांव निवासी हरिहर महतो के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई थी. हालांकि, सोनाहातू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया और आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
पुलिस ने किया मामले का खुलासा
SDPO ओम प्रकाश ने बताया कि तकनीकी साक्ष्य, पूछताछ और ठोस सबूतों के आधार पर मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया है. उन्होंने कहा कि अवैध संबंध के कारण रचे गए षड्यंत्र में आरोपी दंपती ने मिलकर इस जघन्य हत्या को अंजाम दिया था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है.
31 जनवरी से था लापता, 3 फरवरी को दर्ज हुई शिकायत
परिजनों के मुताबिक 31 जनवरी 2026 की शाम करीब 6:30 बजे हरिहर महतो घर से निकला था. उसने गांव की ही एक महिला से मिलने जाने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजनों ने 3 फरवरी को सोनाहातू थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी.
प्रेम संबंध और हत्या का षड्यंत्र
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक का गांव की ही शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध था. पूछताछ में सामने आया कि इस संबंध की जानकारी महिला के पति को हो गई थी. इसके बाद पति-पत्नी ने मिलकर हरिहर महतो को रास्ते से हटाने की साजिश रची. योजना के तहत महिला ने हरिहर को मिलने के बहाने बुलाया, जहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी.
शव को नदी किनारे दबाया
हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को क्षत-विक्षत कर दिया. इसके बाद शव को गांव के पीछे कांची नदी किनारे झाड़ियों के बीच दलदल में दबाकर ऊपर से मिट्टी डाल दी, ताकि किसी को घटना की जानकारी न मिल सके. जांच के क्रम में सोनाहातू पुलिस ने संदिग्धों से सख्ती से पूछताछ की. पूछताछ में आरोपी दंपती ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने नदी किनारे से शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हरिहर महतो की शादी दो साल पहले हुई थी और उसका एक माह का बेटा है. युवक की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातम का माहौल है.
इसे भी पढ़ें- अवैध संबंध का विरोध करने पर हत्या, पति ने पत्नी को मारी गोली
इसे भी पढ़ें- साला और सरहज की साजिश, बहन के पति की ही करवा दी हत्या, शव को रेलवे ट्रैक पर फेंककर हादसे का रूप देने की कोशिश
इसे भी पढ़ें- पति की साजिश का शिकार हुई थी ममता, अवैध संबंध बनी मौत की वजह

