अमेठी में 24 घंटे से तांत्रिक के सिर की तलाश कर रही पुलिस, गुरुवार सुबह मिली थी लाश, अब सामने आई ये बड़ी बात
मृतक की भांजी की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. मामले में चार विशेष टीमें लगाई गई हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 9, 2026 at 3:12 PM IST
अमेठी : जायस थाना क्षेत्र में एक अधेड़ की गला काटकर हत्या कर दी गई. गुरुवार सुबह व्यक्ति का धड़ एक नाले के किनारे बरामद हुआ. घटना के 24 घंटे बाद भी मृतक का सिर नहीं मिल पाया है.
मृतक की भांजी की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस अधीक्षक ने मामले के खुलासे के लिए एसओजी और सर्विलांस सहित चार विशेष टीमें लगा दी हैं.
गुरुवार सुबह मिली थी लाश : मोजम गंज पुल के पास गुरुवार को एक अधेड़ युवक की सिरकटी लाश मिली थी. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की तो जेब में आधार कार्ड मिला. उसकी पहचान प्रतापगढ़ निवासी चौक धर्मशाला निवासी विजय सिंह (50) के रूप में हुई.
भांजी से मिलने घर आए थे : पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. आसपास सिर की तलाश की गई, लेकिन नहीं मिला. विजय सिंह बुधवार को अपनी भांजी से मिलने जायस रेलवे स्टेशन रोड स्थित घर आए थे और देर रात वहां से निकले थे.
चार टीमें गठित : मृतक विजय सिंह की भांजी पूजा सिंह की तहरीर पर पुलिस अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज़ किया है. मामले में एसओजी, सर्विलांस सहित चार टीमें गठित की गई हैं. लेकिन 24 घंटे के बाद भी ना तो पुलिस को मृतक का सिर मिला है और ना ही घटना के बारे में कोई सुराग मिला है.
तंत्र मंत्र को लेकर शक : इलाके में घटना को लेकर तरह तरह की चर्चाओं के साथ भय का माहौल है. बताया जा रहा है कि मृतक विजय सिंह तांत्रिक थे. वह देवा शरीफ के भक्त थे. चर्चा है कि उनकी हत्या के पीछे तंत्र मंत्र भी वजह हो सकती है.
सभी पहलुओं पर हो रही जांच- सीओ : तिलोई सीओ दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में जायस थाना में मुकदमा अज्ञात के खिलाफ लिखा गया है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. मृतक के सिर की तलाश की जा रही है. तंत्र मंत्र के सवाल पर उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर जांच की जा रही है.

