ETV Bharat / state

देहरादून हिस्ट्रीशीटर विक्रम शर्मा मर्डर, आरोपियों के हरिद्वार में छिपे होने की आशंका, पुलिस को मिला सुराग

देहरादून में हिस्ट्रीशीटर विक्रम शर्मा के मर्डर में पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं, जिनके आधार पर पुलिस हरिद्वार पहुंची है.

Etv Bharat
आरोपियों की तलाश में हरिद्वार पहुंची देहरादून पुलिस. (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 13, 2026 at 8:01 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हरिद्वार: देहरादून में आज सुबह 13 फरवरी को सिल्वर सिटी में खनन कारोबारी की गोली मारकर हत्या की गई थी. इस हत्याकांड के तार हरिद्वार से भी जुड़े हो सकते हैं. क्योंकि, हमलावरों की तलाश में देहरादून पुलिस हरिद्वार तक की खाक छान रही है.

हरिद्वार से किराए पर ली थी गाड़ियां: शुरुआती तहकीकात में सामने आया है कि हमलावरों ने हरिद्वार से दो गाड़ियां किराए पर ली थी, जिनमें एक बाइक और एक स्कूटी शामिल है. हत्या की वारदात को अंजाम देने में हमलावरों ने किराए की गाड़ियां का इस्तेमाल किया था. देहरादून पुलिस हमलावरों के हरिद्वार में छुपे होने की संभावना पर कार्रवाई कर रही है.

देहरादून के एसएसपी अजय सिंह और एसपी देहात समेत अन्य पुलिस अधिकारी खुद हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने हरिद्वार के पुलिस अधिकारियों से जानकारी जुटाई. एसएसपी देहरादून अजय सिंह का कहना है कि हरिद्वार पुलिस के साथ कोआर्डिनेशन बनाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के जरिए शूटरों की तलाश लगातार जारी है.

विक्रम शर्मा मर्डर के आरोपियों के हरिद्वार में छिपे होने की आशंका (ETV Bharat)

उन्होंने बताया कि हत्याकांड के बाद पुलिस टीम जांच कर रही है. जांच में कुछ सस्पेक्ट वाहन मिले हैं. उन्हीं संदिग्ध वाहनों को ट्रेस करते हुए देहरादून की पुलिस हरिद्वार पहुंची है. वाहनों की जानकारी हरिद्वार से जुटाई जा रही है. इस केस को सॉल्व करने में उत्तराखंड एसटीएफ भी काम कर रही है. वहीं हरिद्वार पुलिस की मदद भी ली जा रही है.

हरिद्वार में आरोपियों के छिपे होने की आशंका: पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने हरिद्वार से ही गाड़ियां किराए पर ली होगी और हत्याकांड के बाद वो यहीं पर छुपे हों. पुलिस की कोशिश है कि आरोपियों को हरिद्वार से न निकलने दिया जाए. जल्द ही आरोपियों को ट्रेस कर गिरफ्तार किया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

Dehradun
हरिद्वार पहुंचे देहरादून एसएसपी. (ETV Bharat)

गौर हो कि शुक्रवार 13 फरवरी को देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल की पार्किंग में खनन कारोबारी विक्रम शर्मा को गोली मारी गई थी, जिससे विक्रम शर्मा की मौके पर मौत हो गई थी. विक्रम शर्मा पर 50 से ज्यादा मुकदमें दर्ज थे. विक्रम शर्मा झारखंड में हत्या, वसूली और गंभीर धाराओं में भी कई केस दर्ज है.

देहरादून में विक्रम शर्मा को जिस जगह पर गोली मारी गई है, वो जगह पुलिस अधीक्षक के सरकारी आवास से चंद कदम की दूरी पर मौजूद है. बताया जा रहा है कि हमलावरों में तीन से चार लोग शामिल थे, जिस वक्त विक्रम शर्मा जिम से बाहर निकल रहा था, उसी वक्त उसको गोली मारी गई थी. बताया जा रहा है कि विक्रम शर्मा स्टोन क्रेशर का मालिक है.

पढ़ें-